अंतर्राष्ट्रीय
07-Nov-2025
...


रूसी (ईएमएस)। रूस समर्थित प्रशासन द्वारा संचालित एक अदालत ने यूक्रेन की सेना के साथ लड़ने के आरोप में दो कोलंबियाई नागरिकों को 13-13 साल की सजा सुनाई है। रूसी नियंत्रण वाले डोनेट्स्क क्षेत्र की इस अदालत ने गुरुवार को फैसला सुनाते हुए कहा कि 48 वर्षीय एलेक्जेंडर एंटे और 37 वर्षीय जोस एरॉन मेदिन अरांडा को “यूक्रेनी सशस्त्र बलों की ओर से युद्ध में भाग लेने” का दोषी पाया गया। दोनों कोलंबियाई नागरिकों ने 2023 और 2024 में यूक्रेन के लिए लड़ाई लड़ी थी। बताया जाता है कि युद्ध से लौटते समय जुलाई 2024 में वे वेनेजुएला से गुजरते हुए लापता हो गए थे। बाद में रूस ने पुष्टि की कि दोनों उसके कब्जे में हैं। एक कोलंबियाई अखबार के अनुसार, दोनों को वेनेजुएला की राजधानी कराकस में यूक्रेनी सैन्य वर्दी पहने हुए गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद रूस की सुरक्षा एजेंसी एफएसबी ने उनका वीडियो जारी किया, जिसमें वे हथकड़ी लगे और जेल की वर्दी में दिखे। इस फैसले की खबर कोलंबिया के मीडिया में व्यापक रूप से छाई रही। मेदिन की पत्नी सियेलो पाज ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, “मुझे नहीं पता कि हम उन्हें फिर कभी देख पाएंगे या नहीं — यही सबसे दर्दनाक सच्चाई है।”