तरनतारन,(ईएमएस)। आगामी तरनतारन उपचुनाव से पहले चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाते हुए जिले की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनकी जगह अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर (आईपीएस) को तरनतारन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। यह कार्रवाई मतदान से ठीक तीन दिन पहले की गई है, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि यह निर्णय राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी सिबिन सी को मिली शिकायत के बाद लिया गया। शिरोमणि अकाली दल ने आयोग को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि एसएसपी डॉ. ग्रेवाल पार्टी कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज करवा रही हैं और सरकार के दबाव में कार्रवाई कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार, शिकायत की जांच के बाद चुनाव आयोग ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत प्रभाव से एसएसपी को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया। उल्लेखनीय है कि डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल को मात्र दो महीने पहले ही तरनतारन जिले की कमान सौंपी गई थी। यहां बताते चलें कि तरनतारन विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को होना है, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। हिदायत/ईएमएस 09नवंबर25