राज्य
18-May-2026
...


- अहमदाबाद मंडल में शपथ ग्रहण, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियानों की शुरुआत अहमदाबाद (ईएमएस)| भारतीय रेल द्वारा 15 मई से 5 जून 2026 तक आयोजित किए जा रहे विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत 18 मई 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, अहमदाबाद में एक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने मंडल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के प्रति प्रतिज्ञा दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने, जल एवं ऊर्जा की बचत करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा हरित एवं सतत जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी, स्वच्छता, जल एवं ऊर्जा संरक्षण तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देना है। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालय परिसरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रभात फेरियां, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, कार्यशालाएं, जागरूकता रैलियां, प्रतियोगिताएं तथा सामाजिक सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 15 मई से 5 जून 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान रेलवे परिसरों, पटरियों एवं जल स्रोतों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” पहल के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। “सिंगल यूज़ प्लास्टिक” के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विशेष जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जाएंगे। यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग अपनाने, पुनः उपयोग योग्य पानी की बोतलों तथा कपड़े एवं जूट के बैगों के उपयोग हेतु प्रेरित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नुक्कड़ नाटक, कार्यशालाओं, जागरूकता रैलियों, प्रतियोगिताओं एवं सामाजिक सहभागिता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। 5 जून 2026 को “विश्व पर्यावरण दिवस” के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि पश्चिम रेलवे का अहमदाबाद मंडल पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर आगे बढ़ाते हुए समाज में पर्यावरण जागरूकता फैलाने हेतु सतत कार्य करता रहेगा। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। - 18 मई