खरगोन (ईएमएस)। महाराष्ट्र के शिरपुर स्थित इंजिनियरिंग कॉलेज एनएमआईएमएस के होस्टल में शहर निवासी 20 वर्षीय अथर्व पुरोहित की संदेहास्पद परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तुल पकड़ा है। करीब दो माह पहले हुई मौत मामले में रविवार को परिजनों ने एसडीएम से मुलाकात कर शिरपुर जिला धुलिया पुलिस द्वारा कोई भी कार्यवाही नही करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की सीबीआई जांच की मांग की।अथर्व की मां ने हाथों में अपने बेटे की तस्वीर लिए, न्याय की गुहार लगाई। परिजनों ने राष्ट्रपति सहित प्रधानमंत्री, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर संदेहास्पद मौत की जांच कराकर न्याय की गुहार लगाई है।मध्यप्रदेश रेडक्रास सोसाइटी के पूर्व चेयरमेन आशुतोष पुरोहित ने बताया की मेरे भतीजे अथर्व पुरोहित पिता अमिय पुरोहित निवासी 12 रविन्द्र नगर नगर खरगोन की 14 सितम्बर को महाराष्ट्र शिरपुर जिला धुलिया स्थित एनएमआईएमएस कॉलेज के होस्टल के रूम में शाम को संदेहास्पद मौत हो गई थी। मर्ग की कापी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य कोई भी दस्तावेज नहीं दिये गये है। परिवार ने आरोप लगाया कि अथर्व की मौत के बाद भौतिक और इलेक्ट्रानिक साक्ष्यों को नष्ट, क्षतिग्रस्त किया गया। सुसाइड नोट भी हटाया गया। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट है की करीब 10 से 20 मिनट तक हॉस्टल स्टाफ के लोग होस्टल रूम में ही रहे। साक्ष्य नष्ट करने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस के माध्यम से कई तथ्यो को दबाकर दबाब में पुलिस अपने हिसाब से बयान लेकर कहानी बना रही है। दोनो पुलिस अधिकारियों के मोबाइल की जॉच गोपनीयता से कराई जाये। ईएमएस / 10/11/2025