नई दिल्ली (ईएमएस)। अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के राजस्थान रॉयल्स छोड़ने की अटकलें हैं। माना जा रहा है कि वह आईपीएल 2026 में किसी और टीम से उतरेंगे। अगर ऐसा हुआ तो रॉयल्स की कप्तानी किसको मिलेगी ये सवाल भी उठ रहा है। रॉयल्स के पास ऐसे में परेशानी नहीं है। उसके पास रियान पराग और यशस्वी जायसवाल व ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ी हैं जो कप्तानी संभाल सकते हैं। पराग ने आईपीएल 2025 में कई मैचों में कप्तानी की थी पर इस समय उन्हें शायद ही अवसर मिले क्योंकि उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन खास नहीं रहा था। रियान की फॉर्म कप्तानी में बहुत अच्छी नहीं थी। इसलिए उनकी दावेदारी लगभग खत्म हो चुकी है। ऐसे में सलामी बल्लेबाज यशस्वी और जुरेल बचते हैं। यशस्वी और जुरेल में से किसी एक को रॉयल्स कमान दे सकती हे। इन दोनों को ही हालांकि कप्तानी का अनुभव नहीं है। यही दो खिलाड़ी इस समय कप्तानी के लिए सबसे बड़े दावेदार हैं। अन्य कोई खिलाड़ी ऐसा नहीं लगता है, जिसे कप्तानी सौंपी जाए। फॉर्म के आधार पर देखा जाए तो इनसे बढ़िया फॉर्म किसी खिलाड़ी के पास नहीं है। नितीश राणा भी एक विकल्प हैं पर वे अगले महीने 32 साल के होने जा रहे हैं। इसके अलावा वे मौजूदा समय में भी क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं। वहीं, ब्रांड वैल्यू के हिसाब से देखा जाए तो यशस्वी और जुरेल भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। हालांकि, अगर नीलामी में कोई बड़ा खिलाड़ी उपलब्ध होता है, जो कप्तानी के लिए इनसे भी बड़ा दावेदार हो तो फिर राजस्थान रॉयल्स उस खिलाड़ी के लिए दांव खेल सकती है और एक नया कप्तान देखने को मिल सकता है। हालांकि, इस बात की संभावना बहुत कम है, क्योंकि कोई भी बड़ा भारतीय क्रिकेटर उपलब्ध नहीं है और विदेशी खिलाड़ियों पर आईपीएल में कप्तान को लेकर दांव नहीं खेला जाता। गिरजा/ईएमएस 11 नवंबर 2025