वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच लंबे समय से तनातनी चल रही है। अमेरिका ड्रग्स को लेकर हमेशा ही आरोप लगाता रहा है। विदेश मंत्री मार्को रुबियो का कहना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सिर्फ इसी बात पर ध्यान दे रहे हैं कि किसी भी तरह नशीले पदार्थ अमेरिका में प्रवेश न करें। अमेरिका में इस पूरे मसले पर अलग ही माहौल बन रहा है। वहां के युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने संदेश जारी करते हुए कहा कि दक्षिणी कमान का यह अभियान हमारे देश की रक्षा के लिए है और उन नशीली चीजों को रोकने के लिए है जो हमारे लोगों की जान ले रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिमी गोलार्ध हमारा पड़ोस है और हम इसकी सुरक्षा करेंगे। इस मिशन को आधिकारिक तौर पर दक्षिणी भाला नाम दिया गया है। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अपने बयान में साफ कहा है कि अमेरिका को वेनेजुएला के साथ किसी भी हाल में अफगानिस्तान जैसी अनंत जंग में शामिल नहीं होना चाहिए। कराकस स्थित मिराफ्लोरेस राष्ट्रपति भवन के बाहर बातचीत में मादुरो ने कहा कि अब वक्त है जंग से ऊपर उठकर शांति को चुनने का। उन्होंने कहा कि अब और अनंत जंग नहीं चाहिए, न अन्याय वाली जंग, न लीबिया जैसी लड़ाई, न अफगानिस्तान जैसे संघर्ष। दुनिया को शांति चाहिए। मादुरो से जब पूछा गया कि अमेरिकी जनता के लिए उनका संदेश क्या है, तो उन्होंने दोहराया कि अब दुनिया को ऐसी जंगों से बाहर निकलने की जरूरत है। वहीं जब सवाल किया गया कि आप सीधे संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को क्या कहना चाहेंगे, तो उन्होंने कहा कि मेरा संदेश सिर्फ इतना है- ‘मेरा संदेश है शांति। शांति।’ मादुरो का यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका का सबसे आधुनिक युद्धपोत जेराल्ड आर फोर्ड आने वाले दिनों में वेनेजुएला के तट के पास पहुंचने वाला है। यह सैन्य शक्ति का ऐसा प्रदर्शन है जो कई दशक बाद लैटिन अमेरिका में देखा जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक जेराल्ड आर फोर्ड के पहुंचने से पहले ही संयुक्त राज्य अमेरिका की सेनाओं ने इस पूरे क्षेत्र में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। बमवर्षक विमान वेनेजुएला के तट के पास अभ्यास कर रहे हैं। खुफिया एजेंसी को भी देश के भीतर अभियान चलाने की सार्वजनिक अनुमति दी जा चुकी है। इसी दौरान कैरेबियाई सागर और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में नौसैनिक कार्रवाइयों में अब तक पचहत्तर से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वीरेंद्र/ईएमएस/15नवंबर2025