कांकेर(ईएमएस)। अंतागढ़ थाना क्षेत्र स्थित चर्रेमर्रे जलप्रपात में घूमने पहुंचे कोयलीबेड़ा क्षेत्र के दो दोस्तों के साथ बड़ा हादसा हो गया। नहाने के दौरान दोनों युवकों ने ऊपरी हिस्से से छलांग लगा दी। इसमें एक युवक को मौके पर मौजूद समिति के सदस्यों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। जानकारी के अनुसार घटना करीब 5 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शी और समिति सदस्य आशीष कुमार ने बताया कि दो युवक जलप्रपात के पास नहा रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने ऊपर से अचानक छलांग लगा दी। उसके पीछे दूसरा युवक भी पानी में कूद गया। यह स्पष्ट नहीं है कि वह साथी को बचाने कूदा या नहाने के इरादे से। समिति के सदस्यों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले युवक को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा युवक पानी में कहीं दिखाई नहीं दिया। आसपास की गहन तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अंतागढ़ पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचा और खोजबीन शुरू की। खबर लिखे जाने तक शाम 7 बजे तक युवक का कुछ पता नहीं चल सका था। लापता युवक की पहचान कोयलीबेड़ा निवासी श्याम सागर के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।