- पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी गोपालगंज (ईएमएस)। बिहार के गोपालगंज जिले में बुधवार देर रात अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। भोरे थाना क्षेत्र के मझवालिया–पिपरहि पथ पर अज्ञात बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने पैक्स अध्यक्ष के पति और शिक्षक भुवन भास्कर त्रिपाठी उर्फ नमूना त्रिपाठी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में उनके हाथ में गोली लगी और चेहरे के पास भी गंभीर चोट आई है। घटना रात लगभग 11 बजे की है जब भुवन भास्कर किसी काम से लौट रहे थे। घात लगाए बैठे दो अपराधियों ने अचानक उन पर हमला किया और गोली मारने के बाद फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल त्रिपाठी को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। भुवन भास्कर त्रिपाठी पेशे से शिक्षक हैं और वर्तमान पैक्स अध्यक्ष के पति होने के साथ-साथ स्थानीय राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। पुलिस को शक है कि हमला पुरानी रंजिश, पंचायत राजनीति या किसी निजी विवाद से जुड़ा हो सकता है, हालांकि अभी तक स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। घटना की सूचना मिलते ही भोरे थाना पुलिस और हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच तेज कर दी गई है और बदमाशों की तलाश जारी है।