भोपाल,(ईएमएस)। राजधानी भोपाल आए देश के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के स्वागत के लिए भाजपा का कोई भी नेता नहीं पहुंचा है। इस पर कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा है कि भाजपा की नीति ही यूज एंड थ्रो रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने निशाना साधते हुए कहा है कि पार्टी का कोई भी नेता पूर्व उपराष्ट्रपति के स्वागत के लिए यहां हवाई अड्डे पर नहीं पहुंचा और यह पार्टी की ‘इस्तेमाल करो और फेंको’नीति का हिस्सा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी मनमोहन वैद्य की लिखी एक किताब के विमोचन कार्यक्रम में धनखड़ ने इस्तीफे के बाद पहली बार सार्वजनिक संबोधन दिया। हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं की गैरमौजूदगी पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा केवल उन्हीं लोगों को महत्वपूर्ण मानती है जो उसके हितों की पूर्ति करते हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा, बात ये है कि उनके लिए वहीं महत्वपूर्ण है जो उनके काम आए। यूज एंड थ्रो। यही भाजपा है। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि आरएसएस के बारे में अभी ऐसा नहीं कह सकता क्योंकि वह उनके कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं। दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा कि उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति के साथ आए अधिकारी से धनखड़ से मिलने के लिए समय मांगा था। इससे पहले स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए चार महीने पहले उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद धनखड़ ने अपने संबोधन में आरएसएस के विचारों और एक मजबूत राष्ट्र बनाने के दृष्टिकोण की प्रशंसा की। धार्मिक नेताओं और मीडिया से जुड़े जाने-माने लोगों की एक सभा को संबोधित करते हुए, धनखड़ ने देश के भरोसे, सांस्कृतिक जड़ों और संस्थाओं की एकता को बनाए रखने की बात कही। बता दें कि चार महीने पहले उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद, जगदीप धनखड़ भोपाल में संघ के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। वीरेंद्र/ईएमएस/22नवंबर2025