राष्ट्रीय
26-Nov-2025
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को कहा कि यदि देश संविधान में निहित सिद्धांतों का पूरी निष्ठा से पालन करे, तो वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य साकार किया जा सकता है। संविधान सदन (पुराना संसद भवन) के केंद्रीय कक्ष में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने लंबे विचार-विमर्श और व्यापक बहस के बाद 26 नवंबर 1949 को संविधान को अंगीकार किया, जिसने भारत को एक जीवंत लोकतंत्र के रूप में स्थापित करने की मजबूत नींव रखी। बिरला ने कहा कि भारतीय संविधान एक जीवंत और गतिशील दस्तावेज है, जो नागरिकों की आवश्यकताओं और उनके अधिकारों का ध्यान रखता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संविधान का पालन करना हर नागरिक और संस्था का कर्तव्य है, क्योंकि यही देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि संविधान सभा द्वारा संविधान अंगीकार किए जाने की स्मृति में 2015 से हर वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। हिदायत/ईएमएस 26नवंबर25