राष्ट्रीय
28-Nov-2025


अहमदाबाद,(ईएमएस)। अहमदाबाद में एक प्रेमी ने पहले तो अपनी प्रेमिका के सामने ही खुद को आग लगा ली और फिर अस्पताल की पहली मंजिल से कूद गया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह जले हुए प्रेमी की मौत हो गई। जानकारी अनुसार अहमदाबाद में प्रेमी युवक कामरान ने एक निजी अस्पताल में नर्स का काम करने वाली अपनी प्रेमिका के सामने खुद को आग लगा ली। इसके बाद वह जलते हुए ही हॉस्पिटल की पहली मंजिल से नीचे कूद गया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। उक्त घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। इस मामले में सरखेज पुलिस थाने ने मीडिया को बताया कि 28 वर्षीय कामरान पड़ोस में ही रहने वाली एक लड़की से प्यार करता था। उसने प्यार का इजहार करते हुए कई बार लड़की पर प्रपोजल एस्सेप्ट करने का दबाव बनाया था। इसकी शिकायत लड़की ने अपने घरवालों से भी की थी। उक्त लड़की एक निजी अस्पताल में नर्स का काम करती है। पुलिस के अनुसार कामरान पेट्रोल लेकर सीधे लड़की के हॉस्पिटल पहुंचा था। जहां दोनों के बीच बहस हुई और फिर कामरान ने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा ली। लड़की और हॉस्पिटल के कर्मचारियों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन कामरान ने खुद को आग के हवाले कर दिया और जब लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह पहली मंजिल से नीचे कूद गया। वह डेंटल क्लीनिक के टीन शेड में जा गिरा। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से लोगोंने सिविल हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि लड़के को बचाने के चक्कर में लड़की भी झुलस गई, जिसका इलाज सिविल हॉस्पिटल में चल रहा है। पुलिस ने कहा मामला एकतरफा प्रेम का था। मृतक के बयान नहीं लिए जा सके हैं और लड़की के बयान चिकित्सकों की इजाजत के बाद दर्ज किए जा सकेंगे। हिदायत/ईएमएस 28नवंबर25