राज्य
28-Nov-2025
...


:: एक भारत श्रेष्ठ भारत थीम पर ग्वालियर किले के रूप में तैयार मण्डप बना आकर्षण का केन्द्र :: नई दिल्ली/इंदौर (ईएमएस)। नई दिल्ली स्थित भारत मण्डपम् में 14 से 27 नवम्बर तक आयोजित हुए 44वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में मध्यप्रदेश मण्डप को राज्यों की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रजत पदक से सम्मानित किया गया। गुरुवार की शाम को भारत मण्डपम में आयोजित एक समारोह में इण्डिया ट्रेड प्रमोशन आर्गनाइजेशन के प्रबन्ध निदेशक डॉ. नीरज खैरवाल ने यह पुरस्कार मध्यप्रदेश मण्डप के संचालक बी. एन. तिवारी को प्रदान किया। इस अवसर पर एन. के. नरे, संयुक्त संचालक, डॉ. राजू राठौर, प्रियंका सोनी, देवेन्द्र रघुवंशी, कविता बारिया, सहायक संचालक उद्योग एवं जगमोहन सिंह तथा सी. के. प्रिन्स भी उपस्थित थे। मण्डप का स्वरूप और आकर्षण इस वर्ष मेले की थीम एक भारत श्रेष्ठ भारत के अनुरूप मध्यप्रदेश मण्डप को ग्वालियर किले के रूप में तैयार किया गया था, जिसके केन्द्र में मुरैना जिले के 64 योगिनी मन्दिर को दर्शाया गया था। इसी मंदिर के आधार पर लुटियन्स ने भारतीय संसद भवन का डिज़ाइन तैयार किया था। मण्डप में मध्यप्रदेश की विश्व धरोहरों - खजुराहो, सांची स्तूप एवं भीमबेटका के साथ प्रस्तावित धरोहर स्थलों, सांस्कृतिक महोत्सवों, हस्तशिल्प, हाथकरघा, जी.आई. ओ.डी.ओ.पी. उत्पादों और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को भी प्रदर्शित किया गया। इंदौर के जी.आई. उत्पाद चमड़े के खिलौने एवं टेराकोटा का सजीव प्रदर्शन किया गया। मण्डप ने प्रदेश की गौरवशाली विरासत के साथ सम्पूर्ण भारत को एक सूत्र में बाँधने का संदेश दिया, जिससे यह लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना। विगत 43 वर्षों से योगदान सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की ओर से म. प्र. लघु उद्योग निगम द्वारा विगत 43 वर्षों से इस मेले में नोडल एजेंसी के रूप में कार्य किया जा रहा है। विगत दो वर्षों से निरंतर म. प्र. राज्य को विषयगत प्रस्तुति के लिए स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ था। मेला अवधि के दौरान 21 नवम्बर 2025 को राज्य दिवस समारोह मनाया गया, जिसमें विशेष अतिथि के रूप में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप सम्मिलित हुए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अग्रसर है। इस अवसर पर नीमच और मन्दसौर के सांसद सुधीर गुप्ता भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। म.प्र. मण्डप में 9 शासकीय विभागों/निगम मण्डलों, 27 सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम इकाइयों, 7 स्व सहायता समूहों तथा 03 स्टार्ट-अप द्वारा भाग लिया गया। प्रकाश/28 नवम्बर 2025