राष्ट्रीय
28-Nov-2025


कानपुर (ईएमएस)। मनमोहन सरकार में कोयला मंत्री रहे श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन हो गया है। उन्होंने 81 वर्ष की उम्र में आखिरी सांसे ली। बताया जा रहा है कि श्रीप्रकाश जायसवाल काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार को उनकी तबीयत एकाएक ज्यादा बिगड़ी तो उन्हें कानपुर के कार्डियोलॉजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्रीप्रकाश जायसवाल के निधन की पुष्टि उनके छोटे भाई प्रमोद जायसवाल ने की है। श्रीप्रकाश जायसवाल उत्तर प्रदेश के कानपुर लोकसभा सीट से चार बार सांसद रह चुके थे। वे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं। साल 2009 से 2014 के बीच श्रीप्रकाश जायसवाल केंद्रीय कोयला मंत्री रहे, जबकि 2004 से 2009 तक गृह राज्यमंत्री भी थे। सुबोध/२८-११-२०२५