मनोरंजन
01-Dec-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के घर पर आखिरी दिनों की स्थिति कैसी थी, इसे लेकर अब अभिनेता मुकेश खन्ना ने बड़ा खुलासा किया है। एक वीडियो में मुकेश खन्ना ने बताया कि उन्होंने हाल ही में धर्मेंद्र से मुलाकात की थी और उनके घर पर ही अस्पताल जैसा पूरा सेटअप तैयार किया गया था। मुकेश खन्ना ने कहा कि हॉस्पिटल से वापस घर आने के बाद वह लगभग पांच-छह दिन पहले उनसे मिलने गए थे। उन्होंने बताया, “घर पर आईसीयू जैसी व्यवस्था थी। मुझे पता था कि उनसे ठीक से बातचीत नहीं हो पाएगी, लेकिन जाना जरूरी लगा।” उन्होंने बताया कि उस दौरान वह सनी देओल और बॉबी देओल से भी मिले और उन्हें हिम्मत बंधाई। मुकेश कहते हैं, “मैंने उनसे कहा, ‘वह बहुत स्ट्रॉन्ग हैं, जल्दी ठीक हो जाएंगे।’ लेकिन आखिर वही होता है जो ईश्वर को मंजूर होता है। लोग शॉक में थे, क्योंकि सबको लगा था कि इतनी मजबूत काया वाले धर्मेंद्र रिकवर हो जाएंगे। उनके शरीर ने साथ छोड़ दिया, लेकिन उनकी आत्मा बहुत अच्छी थी। संस्मरण रह जाते हैं, आत्मा चली जाती है।” उन्होंने भावुक होकर कहा कि धर्मेंद्र ने एक शानदार जिंदगी जी और उनकी सादगी तथा विनम्रता ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी थी। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वे धर्मेंद्र के साथ छह फिल्मों में काम कर चुके हैं, जिनमें ‘तहलका’ भी शामिल है। उन्होंने कहा कि आखिरी महीनों में भी धर्मेंद्र के चेहरे की सकारात्मकता और मुस्कान कभी कम नहीं हुई। गौरतलब है कि धर्मेंद्र का 8 दिसंबर को जन्मदिन होता है और वे इस साल 90 साल के होने वाले थे। परिवार उनकी जन्मदिन की तैयारियां कर रहा था, लेकिन अक्टूबर से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और नवंबर में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। 24 नवंबर को उनका निधन हो गया। सुदामा/ईएमएस 01 दिसंबर 2025