मनोरंजन
14-Mar-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। साउथ के सुपरस्टार थलापति विजय की उनकी पत्नी संगिता सोर्नालिंगम के साथ तलाक की खबरों और अभिनेत्री तृषा क्रष्नन के साथ कथित अफेयर की अफवाहों के बीच सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। हाल ही में एक शादी समारोह में विजय और तृषा को साथ देखे जाने के बाद कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं। इसी बीच फिल्ममेकर विक्रांत भट्ट ने एक लंबी पोस्ट लिखकर दोनों का समर्थन किया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। विक्रम भट्ट ने अपनी पोस्ट में कहा कि विजय और तृषा की निजी जिंदगी को लेकर जिस तरह की चर्चाएं हो रही हैं, उस पर वह अपनी राय रखना चाहते हैं। उन्होंने लिखा कि उन्हें नहीं पता कि इंटरनेट पर फैल रही अफवाहें सच हैं या नहीं, लेकिन अगर उनमें कुछ सच्चाई भी है, तो भी लोगों को किसी की निजी जिंदगी पर फैसला सुनाने से बचना चाहिए। विक्रम ने अपने हाल के अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि जीवन में कुछ परिस्थितियां इंसान को आजादी की अहमियत समझा देती हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के लिए सबसे बड़ी कैद वह होती है, जब उसकी खुशी और उसकी आत्मा किसी ऐसे रिश्ते में बंध जाए, जिसका समय खत्म हो चुका हो। फिल्ममेकर ने आगे कहा कि कई बार समाज लोगों को ऐसे रिश्तों में बने रहने के लिए मजबूर करता है, जहां वे खुश नहीं होते। उनके अनुसार इंसान का दिल स्वाभाविक रूप से उसी दिशा में जाता है, जहां उसे खुशी मिलती है। विक्रम भट्ट ने लिखा कि लोग खुशी पाने के लिए रिश्तों में आते हैं और अगर वही खुशी खत्म हो जाए तो अलग होने का फैसला भी ले सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी रिश्ते से सम्मान के साथ बाहर निकलना गलत नहीं है। पोस्ट में विक्रम ने विजय और तृषा के बारे में कहा कि उन्हें उन दोनों में एक तरह की सच्चाई दिखाई देती है। उनके अनुसार किसी भावना या रिश्ते को छिपाने की बजाय उसे स्वीकार करने में भी एक गरिमा होती है। उन्होंने साफ कहा कि कलाकारों की फिल्में और काम दर्शकों के लिए होते हैं, लेकिन उनकी निजी जिंदगी पर समाज का अधिकार नहीं होना चाहिए। गौरतलब है कि हाल के दिनों में ऐसी खबरें सामने आई हैं कि विजय की पत्नी संगीता ने तलाक के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है और याचिका में कथित एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का भी जिक्र किया गया है। सुदामा/ईएमएस 14 मार्च 2026