मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड की ऑन स्क्रीन जोडी वरुन धवन और आलिया भटट की शानदार केमिस्ट्री ने कई फिल्मों में दर्शकों का दिल जीता है। ऐसी ही फिल्म है बद्रीनाथ की दुल्हनियां, जिसने अपनी रिलीज के नौ साल पूरे कर लिए हैं। वर्ष 2017 में रिलीज हुई यह फिल्म उस समय बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी और आज भी इसके गाने और डायलॉग दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। फिल्म के निर्देशक शशांक खेतान ने इस खास मौके पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म का एक क्लिप साझा करते हुए लिखा कि ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ को रिलीज हुए नौ साल पूरे हो गए हैं और आज भी दर्शकों से मिल रहा प्यार उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने सभी दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि फिल्म को मिले इस स्नेह के लिए वह दिल से आभारी हैं। इस फिल्म में आलिया भट्ट ने वैदेही त्रिवेदी का किरदार निभाया था, जो एक पढ़ी-लिखी और महत्वाकांक्षी युवती होती है। वह अपनी पढ़ाई और करियर को लेकर बेहद जागरूक रहती है और जीवन में आत्मनिर्भर बनने का सपना देखती है। वहीं वरुण धवन बद्रीनाथ बंसल के किरदार में नजर आए थे, जो एक छोटे शहर का युवक होता है और शुरुआत में उसकी सोच काफी पारंपरिक होती है। फिल्म की कहानी बद्री और वैदेही के रिश्ते और शादी के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां दोनों के विचारों और सपनों के बीच टकराव भी देखने को मिलता है। निर्देशक शशांक खेतान ने इस रोमांटिक ड्रामा के जरिए छोटे शहरों की लड़कियों की शिक्षा, करियर और आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दों को हल्के-फुल्के और मनोरंजक अंदाज में पेश किया था। फिल्म में पैट्रियार्की, सहमति और महिलाओं के अधिकार जैसे सामाजिक विषयों को भी मनोरंजन के साथ जोड़ा गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। यही वजह रही कि फिल्म ने मनोरंजन के साथ-साथ एक मजबूत सामाजिक संदेश भी दिया। बॉक्स ऑफिस पर भी ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ ने शानदार प्रदर्शन किया था और इसके कई गाने बेहद लोकप्रिय हुए थे। फिल्म का गीत ‘तम्मा तम्मा’ काफी चर्चित हुआ, जो 1990 में आई फिल्म थानेदार के लोकप्रिय गाने का रीमेक था। इसके अलावा ‘रोके ना रुके नैना’ गीत ने भी दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। इस गाने के लिए अरिजीत सिंह को 63वें फिल्मफेयर अवार्डस में सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक का पुरस्कार मिला था। सुदामा/ईएमएस 14 मार्च 2026