03-Dec-2025
...


रांची(ईएमएस)। राजधानी रांची के ग्रामीण इलाकों में मात्र दो दिनों के भीतर मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म की दो दिल दहला देने वाली घटनाएं सामने आई हैं, जिसने पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत पैदा कर दी है। पहला मामला मुरी ओपी थाना क्षेत्र का है। सोमवार दोपहर करीब सात साल की एक बच्ची घर पर अकेली थी क्योंकि उसके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी के लिए रांची गए थे। इसी दौरान गांव का ही 25 वर्षीय युवक भरत चंद्र महतो बच्ची को बहला-फुसलाकर घर के पास सुनसान जगह ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। देर शाम जब माता-पिता लौटे तो रोती-बिलखती बच्ची ने सारी आपबीती सुनाई। आनन-फानन में मां बच्ची को लेकर मुरी थाना पहुंची और प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भरत चंद्र महतो को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। बच्ची का मेडिकल परीक्षण सदर अस्पताल में कराया गया। मुरी ओपी प्रभारी राहुल कुमार ने पुष्टि की कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। दूसरी घटना मंगलवार सुबह बेड़ो थाना क्षेत्र की है। मात्र पांच साल की एक मासूम सुबह करीब 10 बजे घर के पास गड्ढे में शौच के लिए गई थी। तभी पड़ोस के गांव के दो नाबालिग लड़कों ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया और विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की। रोते-चीखते बच्ची घर पहुंची और मां को सब बताया। मां जब घटनास्थल पर पहुंची तो दोनों लड़के वहां छिपे हुए थे, उसे देखते ही भागकर अपने घर चले गए। पीड़िता की मां ने तुरंत बेड़ो थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और बच्ची को मेडिकल जांच के लिए रांची सदर अस्पताल भेजा गया है। मामले में पॉक्सो एक्ट के साथ मारपीट की धाराएं भी लगाई गई हैं। दोनों घटनाओं से इलाके में लोगों में भारी गुस्सा है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटी बच्चियों की सुरक्षा अब सबसे बड़ा सवाल बन गई है। महिलाएं और अभिभावक दहशत में हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में तेजी से कार्रवाई की है, लेकिन लगातार बढ़ते ऐसे जघन्य अपराधों ने झारखंड में बालिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।