राष्ट्रीय
03-Dec-2025
...


तिरुवानंतपुरम,(ईएमएस)। केरल में पंचायत चुनाव हो रहे हैं। यहां भारतीय जनता पार्टी ने सोनिया गांधी को चुनाव मैदान में उतारा है। दरअसल, उनका नाम सोनिया गांधी है और पार्टी ने उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार के सामने खड़ा किया है। इतना ही नहीं उनका कांग्रेस कनेक्शन भी निकलकर सामने आया है। खास बात है कि राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। बता दें केरल में स्थानीय निकाय चुनाव, दो चरणों में नौ और 11 दिसंबर को होने वाले हैं जिसका परिणाम 13 दिसंबर को घोषित किया जाएगा। इनमें 941 ग्राम पंचायत, 152 ब्लॉक पंचायत, 14 जिला पंचायत, 87 नगर पालिकाएं और 6 निगम शामिल हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि मुन्नार के पंचायत चुनाव में भाजपा ने नल्लाथन्नी वार्ड से 34 वर्षीय सोनिया गांधी को टिकट दिया है। उनका जन्म स्थानीय कांग्रेस नेता दुरे राज के घर हुआ था। राज अब दुनिया में नहीं हैं। हालांकि, शादी के बाद हालात बदल गए, क्योंकि भाजपा उम्मीदवार सोनिया गांधी का विवाह भाजपा नेता के साथ हुआ। उनके पति सुभाष भाजपा के पंचायत महासचिव हैं और ओल्ड मुन्नार मुलक्कड़ से उप चुनाव भी लड़ चुके हैं। विवाह के कुछ समय बाद सोनिया गांधी भी भाजपा में सक्रिय हो गईं थीं। यह उनका पहला चुनावी मुकाबला है। उनका सामना कांग्रेस प्रत्याशी मंजुला रमेश और सीपीआईएम नेता वालरमति से होने जा रहा है। कोच्चि के असमन्नूर गांव में पंचायत चुनाव में उम्मीदवारों में 90 वर्षीय बुजुर्ग भी शामिल हैं जिनके लिए उम्र महज एक नंबर है और वह पूरे जोश एवं दमखम से अपनी उम्मीदवारी पेश कर रहे हैं तथा लोगों से वोट की अपील कर रहे हैं।नारायणन नायर नामक यह बुर्जुग निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। बुजुर्ग व्यक्ति को हाथ में काला बैग लिए धीरे-धीरे चलते हुए, घर-घर जाकर अपनी कांपती आवाज में लोगों से अपने लिए वोट मांगते देखा जा सकता है। नारायणन नायर दिसंबर में होने वाले स्थानीय पंचायत चुनाव के लिए असमन्नूर ग्राम पंचायत के दूसरे वार्ड से उम्मीदवार हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/03दिसंबर2025