रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में वक्फ संपत्तियों को लेकर बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। राज्य की सभी वक्फ प्रॉपर्टी को आज रात 12 बजे तक केंद्र सरकार के उम्मीद पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना होगा। निर्धारित समय सीमा तक दस्तावेज अपलोड नहीं करने पर ऐसी संपत्तियों को फर्जी या अवैध कब्जा माना जाएगा और वक्फ बोर्ड सीधे FIR दर्ज कराएगा। वक्फ बोर्ड के अनुसार राज्य में कुल 4592 वक्फ संपत्तियां हैं, जिनमें से लगभग 80% (3673 संपत्तियों) का विवरण ऑनलाइन दर्ज हो चुका है। एक ही सर्वर से देशभर में इंट्री होने के कारण पोर्टल बार-बार स्लो या ठप हो रहा है, जिसके चलते कई जिलों के लोग रायपुर पहुंचकर इंट्री कराने की कोशिश कर रहे हैं। इसी वजह से बोर्ड कार्यालय में देर रात तक दस्तावेज अपलोड का काम जारी है। बोर्ड ने बताया कि करीब 400 संपत्तियां संदेह के दायरे में हैं। इन संपत्तियों के कब्जाधारियों को पहले नोटिस भी जारी किया जा चुका है। यदि अब भी दस्तावेज अपलोड नहीं किए गए तो इन्हें अवैध कब्जा माना जाएगा और सख्त कार्रवाई होगी। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के पास करीब 7,000 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की संपत्ति है, लेकिन आय सालाना 1 करोड़ रुपए से भी कम है। नए नियमों और डिजिटल एन्ट्रियों के बाद पहली बार इन संपत्तियों का वास्तविक आकलन हो रहा है। बोर्ड का मानना है कि इससे आने वाले समय में राजस्व में बढ़ोतरी होगी। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने स्पष्ट कहा है 5 दिसंबर के बाद तारीख आगे नहीं बढ़ेगी। जो दस्तावेज ऑनलाइन दर्ज नहीं करेंगे, उन्हें अवैध कब्जा माना जाएगा और सीधे FIR होगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)05 दिसम्बर 2025