भारत की सराहना कर रुसी राष्ट्रपति ने कहा, रूस शांति का पक्षधर नई दिल्ली,(ईएमएस)। दो दिवसीय भारत के दौरे पर आए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दिल्ली के हैदराबाद हाउस में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने कहा हम सभी को शांति का रास्ते पर चलना है। भारत इस संकट के समय में न्यूट्रल नहीं रह सकता। आपने दूरदर्शी लीडर की मिसाल पेश की। भारत शांति की कोशिशों के साथ खड़ा है। इस मौके पर पुतिन ने भी भारत की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि “रूस शांति का पक्षधर है और संवाद के माध्यम से समाधान में विश्वास रखता है। इसके पहले पुतिन ने राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके फौरान बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन राष्ट्रपति भवन पहुंचे। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रपति पुतिन ने प्रेसिडेंट मुर्मू और पीएम मोदी से हाथ मिलाया। इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया। गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित होने के बाद पुतिन ने वहां मौजूद भारतीय डेलिगेशन से मुलाकात की। इसके बाद फिर पुतिन ने रूसी डेलिगेशन से राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी की मुलाकात कराई। बता दें, रूसी राष्ट्रपति पुतिन गुरुवार शाम भारत पहुंचे, जहां पीएम मोदी खुद उनका स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर पीएम मोदी ने गले लगाकर रूसी राष्ट्रपति का स्वागत किया। पीएम मोदी ने पुतिन को रूसी भाषा में अनुवादित गीता भेंट की। इस बारे में पीएम मोदी ने एक्स पर पुतिन को भेंट देते हुए एक तस्वीर पोस्ट की और कैप्शन में लिखा, राष्ट्रपति पुतिन को रूसी भाषा में गीता की एक कॉपी भेंट की। गीता की शिक्षाएं दुनिया भर में लाखों लोगों को प्रेरणा देती हैं। आशीष दुबे / 05 दिसंबर 2025