05-Dec-2025
...


शाजापुर (ईएमएस)। कायस्थ समाज के आराध्य और पाप-पुण्य का लेखा-जोखा रखने वाले भगवान चित्रगुप्त जी की सपरिवार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को भक्तिमय माहौल में हुआ। तीन दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन शहर की फिजां धर्ममयी हो गई। समारोह का श्रीगणेश भगवान श्री गणेश के पूजन के साथ हुआ, जिसके बाद लालपुरा स्थित कायस्थ धर्मशाला से एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा में आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह 11 बजे शुरू हुई कलश यात्रा में समाज का उत्साह देखते ही बन रहा था। पुरुष वर्ग धोती-कुर्ता और महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर साड़ी में कतारबद्ध चल रही थीं। यात्रा लालपुरा से शुरू होकर सोमवारिया बाजार, कंस चौराहा और लालपुरा चौराहा होते हुए पुनः मंदिर पहंुचकर संपन्न हुई। इस दौरान नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर और जलपान कराकर समाजजनों का आत्मीय स्वागत किया। आज विराजेंगे प्रभु, होगा प्रतिभा सम्मान अखिल भारतीय कायस्थ महासभा अध्यक्ष एवं सचिव दीपक निगम ने बताया कि शनिवार को समारोह का मुख्य आकर्षण रहेगा। सुबह 11.30 बजे आचार्य पं. लोकेश शर्मा और अन्य विद्वान आचार्यों के मंत्रोच्चार के बीच भगवान चित्रगुप्त, माता ऐरावती और माता दक्षिणा की प्रतिमाओं की विधि-विधान से प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी। यह प्रतिमाएं श्यामा सक्सेना की ओर से अपने पति स्व शांतनू सक्सेना की स्मृति में समर्पित की गई हैं। पूजन के मुख्य यजमान संजय अष्ठाना और उनकी पत्नी अंजलि अष्ठाना होंगे। वहीं शाम 4.30 बजे समाज का नाम रोशन करने वाले वरिष्ठजनों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा, जिसके बाद शाम 7 बजे सहभोज होगा। रविवार 7 तारीख को धार्मिक अनुष्ठानों का समापन होगा। सुबह 11.30 बजे पूर्णाहूति होगी। दोपहर 2.30 बजे नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। रात 8 बजे भावसार धर्मशाला में सहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। कायस्थ समाज अध्यक्ष सोमप्रकाश श्रीवास्तव और दीपक निगम ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं और समाजजनों से इस ऐतिहासिक आयोजन में सपरिवार शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है। ईएमएस / 05/12/2025