:: नायशा, मांडवी, मनित और पर्व उपाध्याय सहित कई खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में; आज होंगे निर्णायक मुकाबले :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला बैडमिंटन संगठन के तत्वावधान में आयोजित अरिहंत ट्रॉफी खुली इंदौर जिला मिनी, सब जूनियर और जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन स्पर्धा में शुक्रवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहाँ 15 वर्ष बालिका वर्ग में गिरिजा जाधव ने दूसरे क्रम की अर्ना बत्रा को सीधे सेटों में हराकर सनसनी फैला दी। इस दौरान नायशा पुरोहित, मांडवी गांधी, मनित शाह और पर्व उपाध्याय जैसे प्रमुख खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्गों में शानदार जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। 15 वर्ष बालिका वर्ग में गिरिजा जाधव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे क्रम की अर्ना बत्रा को 15-5, 15-10 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। इसी वर्ग में, पहले क्रम की दिवा चौकसे ने ओमिशा मेहता को 13-15, 15-10, 15-10 के संघर्षपूर्ण मुकाबले में हराया। बालक वर्ग में, अनुष इनानी ने सिद्धांत दुबे को 8-15, 15-5, 15-12 से हराकर तीन सेटों में जीत दर्ज की। 13 वर्ष बालिका वर्ग में कृषा सोलंकी ने दिशा मेहता को 9-15, 15-9, 15-10 से पराजित किया, जबकि नायशा पुरोहित ने पहल जैन को 15-8, 15-13 से हराया। 11 वर्ष बालक एकल के तीसरे दौर में पर्व उपाध्याय ने सातवें क्रम के अबीर गोयल को 15-5, 13-15, 15-8 से हराकर उलटफेर किया। मनित शाह ने भी तीसरे दौर में प्रखर गंगराड़े को सीधे सेटों में हराया। सबसे छोटे वर्ग 9 वर्ष बालक एकल में दक्ष चक्रवादिया ने दर्श मेहता को 15-11, 15-6 से और अर्जव सिंघवी ने अनय जोशी को 15-3, 15-12 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। 15 वर्ष बालिका वर्ग में गिरिजा जाधव के अलावा जीनीशा जैन, मांडवी गांधी, अभ्युदया पहाड़िया, रेनी अग्रवाल और दिव्या गुर्जर ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। 13 वर्ष बालिका वर्ग में ईश्मन सलुजा, नायशा पुरोहित, ध्यांशी गुरसहानी, कृषा सोलंकी, मांडवी गांधी, ओमिशा मेहता, भव्या जैन और गिरिजा जाधव शामिल हैं। इसी तरह, 17 और 19 वर्ष बालिका एकल क्वार्टर फाइनल में मिश्का गुप्ता, अभ्युदया पहाड़िया, देविशी केलौत्रा और अर्ना बत्रा पहुंच गई हैं। 11 वर्ष बालक एकल के क्वार्टर फाइनल में स्वस्तिक करवाडे, विहान बंडी, आदविक सोलंकी, वेदांत सिंह तोमर, मनित शाह, अशांक मिश्रा, पर्व उपाध्याय और खुश ओसवाल ने जगह बनाई। 13 वर्ष बालक एकल के तीसरे दौर में अवनीश नेकिये, धनेश नागर, खुश ओसवाल, अरिंजय कृष्ण बिंजु, अथर्व चौधरी, रिदान डाबर, रोशन जिबिन और जिनेंद गुर्जर ने जगह बनाई। 15 वर्ष बालक एकल में आरव राज सिंह बग्गा, शाश्वत त्रिपाठी, आर्य बम, पनव कासलीवाल, तनिष्क राजपूत, प्रवर ओसवाल, अवनीश नेकिये, रोशन जिबिन और वीर खरे तीसरे दौर में पहुंचे। आयोजकों ने बताया कि शनिवार, 6 दिसंबर को सुबह 10 बजे से क्वार्टर फाइनल सहित अन्य निर्णायक मुकाबले खेले जाएंगे। प्रकाश/05 दिसम्बर 2025