अंतर्राष्ट्रीय
11-Dec-2025
...


मॉस्को(ईएमएस)। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में लगातार बढ़ते हमलों के बीच बुधवार रात एक बड़ा हादसा सेंट पीटर्सबर्ग में सामने आया। शहर के सबसे बड़े बाजार में अचानक कई जोरदार धमाके हुए, जिनकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। इन धमाकों के बाद लगी भीषण आग में कई लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की जान चली गई। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार विस्फोटों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरा शॉपिंग कॉम्पलेक्स आग की लपटों में घिर गया और लगभग पूरी तरह नष्ट हो गया। धमाकों के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि शुरुआती रिपोर्टें बताती हैं कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक महिला को धुएं में मौजूद कार्बन मोनोऑक्साइड के कारण सांस लेने में दिक्कत हुई, जबकि एक व्यक्ति आग से बचने के लिए दूसरी मंजिल से कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विशाल काले धुएँ के गुबार उठते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिनसे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आग कितनी भयानक थी। सुरक्षा एजेंसियां धमाकों के कारणों की जांच में जुटी हैं। इस घटना के कुछ ही समय बाद रूस की राजधानी मॉस्को में भी खतरे की स्थिति उत्पन्न हो गई। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि बुधवार रात एयर डिफेंस सिस्टम ने शहर की ओर बढ़ रहे कई ड्रोन्स को निशाना बनाकर मार गिराया। उनके अनुसार लगभग साढ़े तीन घंटे के भीतर कुल 31 ड्रोन्स को इंटरसेप्ट किया गया। दोपहर में भी एक ड्रोन को गिराया गया था। ड्रोन्स को नष्ट किए जाने के बाद इमरजेंसी टीमें मलबा इकट्ठा करने में जुट गईं। मेयर ने बताया कि इन ड्रोन हमलों में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान की खबर नहीं है। हालांकि एहतियातन एविएशन मंत्रालय ने मॉस्को के सभी हवाईअड्डों पर उड़ानें अस्थायी रूप से रोक दीं और कई विमानों को सेंट पीटर्सबर्ग के पुलकोवो एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट कर दिया गया।यह घटनाएं ऐसे समय में हुई हैं जब मॉस्को में नाजी जर्मनी पर जीत की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक बड़े सैन्य परेड का आयोजन किया जा रहा है। इस परेड में मॉस्को के मेयर मुख्य अतिथि होंगे। बढ़ते हमलों के बीच सुरक्षा एजेंसियों को कड़े उपाय अपनाने पड़े हैं, जिससे स्पष्ट है कि रूस-यूक्रेन युद्ध का खतरा अब रूस के भीतर भी और तेजी से महसूस किया जा रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/11दिसंबर2025