राज्य
11-Dec-2025
...


पटना,(ईएमएस)। बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यह वीडियो दानापुर में कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम का है। इस कार्यक्रम में जब भोजपुरी स्टार पवन सिंह का हिट चुनावी गीत बजा, तो मंत्री रामकृपाल खुद को रोक नहीं सके और हाथ में गमछा लहराते हुए कार्यकर्ताओं के साथ नाचने लगे। कार्यक्रम में मौजूद सभी कार्यकर्ता भी ‘जोड़ी मोदी और नीतीश जी के हिट होई’ गीत पर जमकर थिरकते दिखे। यह वही गाना है जिसे चुनाव प्रचार में बीजेपी मंचों पर खूब चला था और जिसने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया था। बता दें रामकृपाल यादव का एक लंबा राजनीतिक इतिहास रहा है। वर्तमान में रामकृपाल यादव दानापुर से बीजेपी विधायक हैं। रामकृपाल यादव ने पहली बार 1992 में बिहार विधान परिषद के सदस्य के रूप में राजनीति में कदम रखा, जो 1993 तक रहे। पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर रामकृपाल यादव दो बार सांसद बने और मोदी सरकार में 2014 से 2019 तक दो विभागों के केंद्रीय मंत्री रहे। 2014 में रामकृपाल को पेयजल और स्वच्छता राज्य मंत्री बनाया गया था। इसके बाद 5 जुलाई 2016 को वे केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री बने। बीजेपी में शामिल होने से पहले, वह लालू यादव की पार्टी आरजेडी में थे और उनके बहुत करीबी माने जाते थे। आरजेडी के टिकट पर वह पुराने परिसीमन में पटना लोकसभा से दो बार सांसद रह चुके हैं। लालू यादव ने उन्हें राज्यसभा भी भेजा था, जहां वह 8 जुलाई 2010 से 16 मई 2014 तक सदस्य रहे थे। 2014 में लालू ने अपनी बेटी मीसा भारती को पाटलिपुत्र लोकसभा का टिकट दिया तो रामकृपाल नाराज़ होकर बीजेपी में चले गए और उसी साल बीजेपी से सांसद बने। सिराज/ईएमएस 11दिसंबर25 --------------------------------