नई दिल्ली (ईएमएस)। देश में मौसम का मिजाज बदल गया है। उत्तर भारत, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और कश्मीर में भीषण ठंड व शीतलहर का प्रकोप जारी है। दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा और धुंध छाई रहेगी, जिससे विजिबिलिटी कम हो सकती है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में शुष्क मौसम और कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी का अनुमान जताया है। देश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। उत्तर भारत में कई जगह भीषण ठंड पड़ रही है। कई राज्यों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। दिल्ली में भी शीतलहर सितम ढा रही है। शुक्रवार को राजधानी में हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही आज सुबह उत्तर प्रदेश में बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। असम, मेघालय, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और ओडिशा में भी घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। दिल्ली-एनसीआर में दिन का अधिकतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। वहीं, सुबह और रात का न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पूरे दिन शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। दिल्ली-एनसीआर में सुबह घना कोहरा और हल्की धुंध छाई रहने का अलर्ट है। इससे विजिबिलिटी कम रह सकती है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/12/ दिसंबर/2025