बेंगलुरु,(ईएमएस)। कर्नाटक के सीएम सिद्धरमैया की मई 2023 से नवंबर 2025 के बीच विशेष उड़ानों, विमानों और हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल करके की गई हवाई यात्रा पर राज्य सरकार ने 47 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च किए। वित्त मंत्रालय का प्रभार संभाल रहे सिद्धरमैया ने विधान परिषद में बीजेपी के विधान परिषद सदस्य एन रवि कुमार के प्रश्न का लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने साफ किया कि विशेष उड़ानें, विमान और हेलीकॉप्टर केवल आधिकारिक दौरों के लिए ही इस्तेमाल किए जाते हैं। सीएम के मुताबिक कर्नाटक सार्वजनिक खरीद पारदर्शिता अधिनियम के तहत दी गई छूट राज्यपाल, मुख्यमंत्री और मुख्य न्यायाधीश की आधिकारिक यात्रा के लिए विशेष विमानों और हेलीकॉप्टर के इस्तेमाल की अनुमति देती है। पिछले ढाई सालों में सिद्धरमैया ने मैसूरु की 22 बार हवाई यात्रा की है, जिसके लिए उन्होंने बेंगलुरु-मैसूरु मार्ग पर पांच करोड़ रुपए से ज्यादा का यात्रा व्यय किया। बेंगलुरु-मैसूरु सड़क मार्ग से यात्रा करने में करीब ढाई घंटे लगते हैं। उनकी अन्य यात्राओं में नई दिल्ली, हैदराबाद और चेन्नई का सफर शामिल थे। सिराज/ईएमएस 12दिसंबर25