राज्य
12-Dec-2025


- विधायक रामेश्वर महतो ने किया सोशल मीडिया पर पोस्ट पटना, (ईएमएस)।‎ राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी (रालोमो) के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने बने अपने बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनवा दिया जिसके बाद पार्टी में बगावत की चिंगारी दिखाई देने लगी है। दरअसल पार्टी के विधायक रामेश्वर महतो ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने नेतृत्व और नीतियों पर अप्रत्यक्ष रूप से सवाल उठाए हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि पार्टी के भीतर अब असंतोष बढ़ रहा है। रामेश्वर महतो द्वारा किए गए पोस्ट ने संगठन के भीतर नाराजगी और असंतोष की ओर इशारा कर दिया है। अंदरखाने खबर ये है कि रामेश्वर महतो मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज चल रहे हैं। रामेश्वर महतो ने अपने फेसबुक पर लिखा है कि राजनीति में सफलता केवल भाषणों से नहीं, बल्कि सच्ची नीयत और दृढ़ नीति से मिलती है। जब नेतृत्व की नीयत धुंधली हो जाए और नीतियाँ जनहित से अधिक स्वार्थ की दिशा में मुड़ने लगें, तब जनता को ज्यादा दिनों तक भ्रमित नहीं रखा जा सकता। आज का नागरिक जागरूक है- वह हर कदम, हर निर्णय और हर इरादे को बारीकी से परखता है। उनके इस बयान ने रालोमो खेमे में हलचल मचा दी है, क्योंकि पोस्ट में “नेतृत्व की नीयत धुंधली होने” और “स्वार्थ की दिशा में मुड़ने” जैसे शब्द सीधे तौर पर नेतृत्व पर सवाल उठाते हैं। सियासी हलकों में इसे उपेंद्र कुशवाहा पर निशाना माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो, रामेश्वर महतो लगातार उम्मीद कर रहे थे कि उपेंद्र कुशवाहा उन्हें मंत्री बनवाएंगे, लेकिन इसके बजाय कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश को मंत्री बनाया गया। इसके बाद से ही रामेश्वर महतो असहज और नाराज बताए जा रहे हैं। रालोमो में पहले से ही परिवारवाद को लेकर सवाल उठते रहे हैं। लेकिन अब विधायक महतो के पोस्ट से यह साफ हो गया है कि पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सतह पर आ चुका है। फिलहाल पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन विधायक महतो के पोस्ट ने संगठन को नई सियासी मुश्किल में डाल दिया है। संतोष झा- १२ दिसंबर/२०२५/ईएमएस