क्षेत्रीय
12-Dec-2025
...


शाहजहांपुर (ईएमएस)। जिले के रोजा थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक नमूने जुटाए हैं। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। महिला की मौत वास्तव में हत्या थी या कुछ और यह पता लगाने में पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम कड़ी मानी जा रही है। जनकारी के मुताबिक रोजा क्षेत्र के गांव उदियापुर निवासी बागेश शुक्ला की शादी सात माह पूर्व शिखा शुक्ला निवासी इतरा थाना पिहानी जिला हरदोई से हुई थी। बताया गया कि बीती रात शिखा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पति उसे एक निजी डॉक्टर के पास ले गया, जहां शिखा को मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पति शिखा का शव लेकर घर पहुंचा और देर रात मायके पक्ष को उसकी मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतका के पिता आलोक द्विवेदी परिवार के साथ उदियापुर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शिखा का शव घर के अंदर जमीन पर पड़ा था। इसकी जानकारी उन्होंने थाना रोजा को दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की। मृतका के शरीर पर हल्के चोट के निशान मिले। शिखा के पिता ने आरोप लगाया कि पति और ससुराल पक्ष उस पर अत्याचार करते थे। उनका कहना है कि पति बागेश उस पर एक रिश्तेदार के साथ संबंध होने का आरोप लगाकर मारपीट करता था। पिता ने बेटी की हत्या की आशंका जताते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मृतका के परिजन और पुलिस का कहना है कि कहीं शक के चलते ही तो शिखा की हत्या नहीं की गई। अचानक तबीयत बिगड़ने का बहाना तो नहीं किया जा रहा है। शिखा को अगर कोई गंभीर बीमारी थी तो उसका इलाज क्यों नहीं कराया गया। इसकी सूचना पहले ही मायके पक्ष के लोगों को क्यों नहीं दी गई। जब उसकी मौत हो गई तब उसकी तबीयत खराब होने की बात बताई गई है। इससे साफ जाहिर है कि कुछ न कुछ गड़बड़ हुई है।