हाथरस (ईएमएस)। प्रदेश सरकार द्वारा कक्षा 1 से 12 तक के बच्चों के लिए 57 मुख्यमंत्री मॉडल कॉम्पोज़िट विद्यालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन, नियोजन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा शोध अधिकारी हरिओम शुक्ला को जनपद हाथरस में निर्माणाधीन विद्यालयों के स्थलीय एवं भौतिक निरीक्षण हेतु नामित किया गया है।निर्धारित कार्यक्रम के तहत हरिओम शुक्ला ने 12 दिसंबर को मुरसान विकासखंड के वर्द्धारी स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कॉम्पोज़िट विद्यालय का निरीक्षण किया। यह विद्यालय जनपद हाथरस सहित प्रदेश के चार अन्य जनपदों में ओएनजीसी के सीएसआर फंड के माध्यम से निर्माणाधीन है। निरीक्षण के दौरान बेसिक शिक्षा अधिकारी हाथरस एवं कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हिमालय सिंह और अवर अभियंता सत्य प्रकाश उपस्थित रहे। निरीक्षण में कार्यदायी संस्था को निर्माण की गति बढ़ाने तथा कार्य में 100 प्रतिशत गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में एक-दो स्थानों पर हनीकॉम्बिंग पाई गई, जिसे तत्काल प्रभाव से सही तकनीक से ठीक कराने के निर्देश भी प्रदान किए गए। वर्तमान में विद्यालय निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति 31 प्रतिशत दर्ज की गई है। ईएमएस / 12 दिसम्बर 2025