राज्य
12-Dec-2025


हाथरस (ईएमएस)। यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन तथा जनपद न्यायाधीश विनय कुमार के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस द्वारा जनपदभर में विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अपर जनपद न्यायाधीश/सचिव प्रशांत कुमार के मार्गदर्शन में हुआ। शिविरों का आयोजन जिला चिकित्सालय, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा जनपद की समस्त तहसील विधिक सेवा समितियों में संबंधित विभागाध्यक्षों एवं पराविधिक स्वयंसेवकों द्वारा किया गया। शिविरों में आमजन को बताया गया कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी आर्थिक तंगी के कारण उपचार से वंचित न रहे। यह दिवस विश्वभर में मजबूत व न्यायसंगत स्वास्थ्य प्रणाली के लिए जागरूकता बढ़ाने हेतु मनाया जाता है। शिविरों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित प्रमुख कार्यक्रमों जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम, मिशन इंद्रधनुष, परिवार नियोजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय पोषण कार्यक्रम, तपेदिक एवं कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम कार्यक्रम, राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम, पल्स पोलियो कार्यक्रम, वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम, तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, कैंसर-डायबिटीज-हृदय रोग रोकथाम कार्यक्रम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम, बुजुर्ग स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम, अंधता नियंत्रण कार्यक्रम सहित अनेक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान भारत–हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों के माध्यम से उपलब्ध निःशुल्क दवाओं, डायग्नोस्टिक्स और डायलिसिस सेवाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई। ईएमएस / 12 दिसम्बर 2025