हाथरस (ईएमएस)। कोचिंग से घर लौट रही छात्रा के साथ छेड़खानी करने वाले दो युवकों को थाना सिकंदराराऊ पुलिस और एसओजी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने भविष्य में ऐसी हरकत न करने की बात कही।मामला 11 दिसंबर की शाम का है, जब छात्रा कोचिंग से वापस लौट रही थी। पुराने डाकखाने वाली गली में दाऊजी मंदिर के पास मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और मौके से फरार हो गए। छात्रा के परिजन की तहरीर पर थाना सिकंदराराऊ में मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीमों का गठन किया और वीडियो व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। थाना सिकंदराराऊ पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आज 12 दिसंबर को दो आरोपियों अंकुश पुत्र नरेंद्र निवासी नई कॉलोनी जैन कॉलोनी, कस्बा सिकंदराराऊ और हिमांशू पुत्र पवन यादव निवासी सराय, थाना सिकंदराराऊ को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। ईएमएस / 12 दिसम्बर 2025