बड़वानी (ईएमएस)। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय बड़वानी में जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायत जिसमें ग्राम पिपरी डेब की महिलाओं के द्वारा ग्राम पिपरी डेब में कुछ लोगों के द्वारा कच्ची मदिरा निर्माण एवं विक्रय की शिकायत की गई थी, जिसकी जांच के निर्देश कलेक्टर श्रीमति जयति सिंह द्वारा दिये गये थे। उक्त निर्देश के परिपालन में 11 दिसम्बर को जिला आबकारी श्री आर.सी. बारोड़ के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी, श्री राजेश मण्डलोई के नेतृत्व मेें मय आबकारी बल ग्राम-पिपरी डेब में पहुँचकर गांव की 30-40 महिलाओं के समक्ष शिकायत में उल्लेखित अवैध मदिरा निर्माण एवं विक्रय करने वाले लोगों के रिहायसी मकानों/किराणा दुकानों की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार मदिरा/मादक द्रव्य बरामद नहीं होने से आबकारी अधिनियम की धारा 54 के तहत विधिवत कार्यवाही की गई। आबकारी अधिकारियों के द्वारा महिलाओं से पुछताछ करने पर महिलाओं के द्वारा बताया गया की उनके द्वारा कार्यालय कलेक्टर बड़वानी में जनसुनवाई के माध्यम से अवैध मदिरा निर्माण एवं विक्रय की शिकायत किये जाने के बाद आबकारी विभाग की कार्यवाही के डर से ग्राम पिपरी डेब में लोगों द्वारा वर्तमान समय में अवैध मदिरा विक्रय करना बन्द कर दिया गया है। सम्पूर्ण कार्यवाही गांव की महिलाओं के समक्ष उनकी उपस्थिति में की गई। आबकारी विभाग की कार्यवाही से ग्रामीण महिलाओं के द्वारा संतुष्टि जाहिर की। आबकारी अधिकारी के द्वारा अवैध मदिरा की जानकारी/सूचना के लिए मोबाईल नम्बर उपलब्ध करवा दिए गये है। आबकारी विभाग की अवैध मदिरा के विरूद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ईएमएस / 12 दिसम्बर 2025