नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा शनिवार को शिमला पहुंचेंगे, जहां वे पार्टी के प्रस्तावित राज्यस्तरीय कार्यालय का शिलान्यास करेंगे। बिहार में भाजपा और एनडीए की बड़ी और ऐतिहासिक जीत के बाद हिमाचल प्रदेश में यह उनका पहला दौरा माना जा रहा है। इस दौरे को लेकर प्रदेश भर में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। हिमाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि ऐसे लोकप्रिय और कर्मठ नेता का हिमाचल आगमन राज्य के लिए गर्व का विषय है। उनके नेतृत्व में एनडीए ने बिहार में शानदार सफलता हासिल की है, जिससे कार्यकर्ताओं का मनोबल और अधिक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अपने नेता के स्वागत के लिए उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रही है। राजीव बिंदल के अनुसार, शिमला के ऐतिहासिक पीटरहॉफ परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल होंगे। इसी अवसर पर जेपी नड्डा भाजपा के नए राज्य कार्यालय का शिलान्यास और भूमि पूजन करेंगे। यह कार्यालय भविष्य में हिमाचल भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह नया कार्यालय न केवल पार्टी को मजबूत आधार प्रदान करेगा, बल्कि आने वाले वर्षों में संगठन को नई दिशा और ऊर्जा भी देगा। उन्होंने बताया कि शिमला संसदीय क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश में कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले एक स्पष्ट और मजबूत राजनीतिक संदेश भी देगा। बिंदल ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे पीटरहॉफ में आयोजित सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनें। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। बेरोजगार युवा रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर हैं, कर्मचारी, आउटसोर्स, अस्थायी और सेवानिवृत्त कर्मी अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। किसान भी आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनता को बड़े-बड़े वादे दिखाकर सत्ता हासिल की, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी एक भी संकल्प को धरातल पर नहीं उतारा। भाजपा का यह आयोजन प्रदेश में सकारात्मक राजनीति और मजबूत संगठन के संकल्प को दर्शाता है। वीरेंद्र/ईएमएस/13दिसंबर2025 ------------------------------------