अंतर्राष्ट्रीय
13-Dec-2025


हेग,(ईएमएस)। बलूच नेशनल मूवमेंट (बीएनएम) ने नीदरलैंड के हेग में संसद के बाहर पाकिस्तान विरोधी एक रैली निकाली है। प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तानी अधिकारियों के बलूचिस्तान में मानवाधिकार के उल्लंघन की गंभीर स्थिति को मुददा उठाया। अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के मौके पर हेग में रैली निकाली। तख्तियों और बैनर पर बलूचिस्तान में चल रहे पाकिस्तान सरकार और सेना के दमन के बारे में लिखा था। बीएनएम ने बताया कि बलूचिस्तान में लोगों को जबरन गायब करना, बिना कानूनी कार्यवाही के हत्याएं, और मूल अधिकारों का बड़े पैमाने पर उल्लंघन हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से बलूचिस्तान में बिगड़ते मानवाधिकार की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की। प्रदर्शन को संबोधित कर बीएनएम नीदरलैंड्स चैप्टर के अध्यक्ष मोहिम अब्दुल रहीम, जहरा बलूच, सैफ बलूच, महरा और जेय सिंध फ्रीडम मूवमेंट के सत्तार ने कहा कि बलूचिस्तान में दशकों से मानवाधिकार का गंभीर उल्लंघन जारी है। हालात पर चिंता जताकर रैली में शामिल लोगों ने कहा कि हजारों बलूच राजनीतिक कार्यकर्ताओं, छात्रों, शिक्षकों और नागरिकों को जबरन गायब किया गया है। इसकारण ये परिवार सालों से अपने प्रियजनों को ढूंढ रहे हैं और न्याय का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बलूचिस्तान में जुल्म सिर्फ पुरुषों तक ही सीमित नहीं है, औरतें भी पाकिस्तानी सुरक्षाबलों का शिकार हो रही हैं। पूरे प्रांत में जबरदस्ती गायब किए गए लोगों का जिक्र किया। वैश्विक समुदाय से अपील रैली में शामिल लोगों ने अफसोस जताया कि बलूचिस्तान में बढ़ते अत्याचारों के बीच अंतर्राष्ट्रीय समुदाय मूक दर्शक बना हुआ है। रैली में लोगों ने आरोप लगाया कि बलूचिस्तान को मानवाधिकार दिवस के वैश्विक एजेंडा से बाहर रखा गया है। लोगों ने ड्रोन हमलों, गांवों पर रेड और सैन्य कार्रवाई का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आलम ये है कि लोग आत्महत्या कर रहे हैं और संयुक्त राष्ट्र ने चुप्पी साध रखी है। आशीष दुबे / 13 दिसंबर 2025