मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड सिंगर अरिजीत सिंह फिर अपने नए गाने ‘फितरतें’ के साथ सुर्खियों में हैं। हाल ही में टाइम्स म्यूजिक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुआ यह ट्रैक कुछ ही घंटों में दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो गया। अपनी मोहक आवाज और गहरी अभिव्यक्ति के लिए जाने जाने वाले अरिजीत हर गीत में ऐसी भावनात्मक परत जोड़ते हैं, जो सीधे दिल को छू जाती है। रौनक फुकन द्वारा कंपोज किए गए इस गाने के बोल सैयद आमिर हुसैन और सोहम मजूमदार ने लिखे हैं, जिन्होंने प्यार, पीड़ा और उम्मीद की भावनाओं को बेहद खूबसूरती से शब्दों में पिरोया है। गाने के वीडियो में अभिनेता सनम जौहर और अभिनेत्री कनिष्का कपूर नजर आते हैं, जिनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री गीत की भावना को और भी गहराई देती है। सनम जौहर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अरिजीत सिंह के गीत का हिस्सा बनना किसी भी कलाकार के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बताया कि अरिजीत की आवाज साधारण भावनाओं को भी खास बना देती है और ‘फितरतें’ जैसे रोमांटिक गीत पर काम करना उनके लिए बेहद यादगार रहा। वहीं कनिष्का कपूर ने बताया कि पहली बार यह गीत सुनते ही उन्हें एहसास हो गया था कि यह गाना दिल को सीधे छूने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि अरिजीत की आवाज में खास नरमी और प्रभाव है, जो इस गीत की कहानी को नए स्तर पर ले जाती है। गाने की रिलीज के बीच अरिजीत सिंह पहले से ही चर्चा में थे, क्योंकि हाल ही में उन्होंने ए.आर. रहमान और इरशाद कामिल के साथ फिल्म ‘तेरे इश्क में’ का टाइटल ट्रैक भी रिकॉर्ड किया था। धनुष और कृति सैनन की मुख्य भूमिकाओं वाली इस फिल्म का निर्देशन आनंद एल. राय ने किया है, जो 28 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। अरिजीत की लगातार उपलब्धियां और नई रिलीजें यह साबित करती हैं कि वह आज भी दर्शकों के बीच सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले गायकों में शामिल हैं। ‘फितरतें’ का असर दर्शकों पर साफ दिख रहा है। लोगों ने सोशल मीडिया पर गाने के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं और इसे एक बार फिर अरिजीत की आवाज का जादू बताया है। सुदामा/ईएमएस 15 दिसंबर 2025