अंतर्राष्ट्रीय
15-Dec-2025
...


लंदन (ईएमएस)। 2025 अब हमें अलविदा कहने वाला है। जंग और विवादों के इस साल में दुनिया भर में कुछ न कुछ घटना होती ही रही है। जहां एक तरफ भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष दुनिया भर की मीडिया की हेडलाइन्स बना रहा। इसके अलावा पड़ोस में जेन-जेड ने सरकार गिरा दी। वहीं इस साल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सबसे बड़े न्यूजमेकर रहे। पहलगाम हमला: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल 2025 में आतंकियों ने घुसकर पर्यटकों की हत्या कर दी थी। इस घटना में करीब 26 लोग मारे गए थे। इसके बाद कार्रवाई करते हुए भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर अभियान चलाया और मई 2025 में पाकिस्तान में स्थित आतंक के 9 ठिकानों को तबाह कर दिया। चार्ली किर्क की हत्या: वहीं ट्रंप के करीबी रहे चार्ली किर्क की एक कार्यक्रम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने सबको अंदर तक हिलाकर रख दिया। चार्ली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद करीबी थे, इसके साथ ही युवाओं में उनकी काफी लोकप्रियता थी। सबसे बड़ा शटडाउन: अमेरिका में शटडाउन भी इस साल चर्चा का विषय रहा। करीब 43 दिनों तक अमेरिका में शटडाउन जारी था और इस दौरान सरकारी कामकाज ठप्प हो गए थे। इसका असर हवाई सेवा पर भी देखने को मिला। यह अमेरिका का अब तक का सबसे लंबा शटडाउन था। इससे पहले भी ट्रंप के समय में ही सबसे लंबा शटडाउन चला था। इजराइल-ईरान में जंग: साल 2025 में इजरायल और ईरान के बीच भीषण युद्ध देखने को मिला, जिसमें अमेरिका ने भी इजराइल का साथ दिया। जून 2025 में इजराइल ने ऑपरेशन ‘राइजिंग लायन’ शुरू किया और अमेरिका की मदद से ईरान के न्यूक्लियर और मिसाइल ठिकानों पर हमले किए। जवाब में ईरान ने भी इजराइल में बड़ी मिसाइलों से हमला कर तबाही मचाई। इजराइल और अमेरिका के हमले में ना केवल ईरान का न्यूक्लियर ठिकाना तबाह हुआ, बल्कि उसके न्यूक्लियर वैज्ञानिक भी मारे गए। नए पोप चेन गए: इतिहास में पहले अमेरिकी पोप, पोप लियो एक्सआईवी, रॉबर्ट फ्रांसिस प्रेवोस्ट, इस साल 8 मई को चुने गए। उन्हें पोप फ्रांसिस की मृत्यु के बाद चुना गया था। 21 अप्रैल 2025 को पोप फ्रांसिस की मौत के बाद, कार्डिनल्स ने उनके उत्तराधिकारी को चुनने के लिए 7-8 मई को कॉन्क्लेव में मीटिंग की। चौथे बैलेट पर उन्होंने बिशपों के लिए डिकास्टरी के हेड, अमेरिका में जन्मे कार्डिनल रॉबर्ट फ्रांसिस प्रीवोस्ट को चुना, जिन्होंने पोप लियो एक्सआईवी नाम लिया। विमान हादसा: 2025 में गुजरात के अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे ने सबके दिल को झकझोर कर रख दिया था। यह बेहद भयावह दुर्घटना थी, जिसमें एक शख्स को छोड़कर विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा विमान जिस बिल्डिंग से टकराया, उसमें अस्पताल के हॉस्टल में खाना खा रहे कई डॉक्टरों की जान चली गई थी। इस घटना का मंजर बेहद डरावना था, जिसमें लगभग 270 लोगों की मौत हुइ थी। इनमें से 241 लोग विमान में सवार थे। जेन-जेड प्रोटेस्ट: नेपाल का जेन-जेड प्रोटेस्ट इस साल सुर्खियों में रहा। सोशल मीडिया पर बैन को लेकर शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। जेन जेड के विरोध प्रदर्शन इस कदर भड़के कि नेपाल में केपी ओली की सरकार का तख्तापलट हो गया। युवाओं का यह गुस्सा बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जुड़ा था। एलन मस्क-ट्रंप विवाद: इस साल एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप भी एक खास वजह से काफी सुर्खियों में रहे। दरअसल 2024 में अमेरिकी चुनाव के दौरान मस्क और ट्रंप की जुगलबंदी देखने को मिली। हालांकि, 2025 आते-आते इन दोनों की दोस्ती को नजर लग गई और मस्क और ट्रंप पूरी दुनिया के सामने एक-दूसरे से जुबानी जंग करते हुए नजर आए। ट्रंप का टैरिफ बम: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के साथ ही टैरिफ बम फोड़ दिया। ट्रंप सरकार ने अमेरिका द्वारा आयातित सामान पर भारी शुल्क लगाने का ऐलान किया, जिसका वैश्विक बाजार पर गहरा असर पड़ा। इन टैरिफ के कारण वैश्विक व्यापार में तनाव बढ़ा, खासकर चीन और यूरोपीय देशों के साथ। समर्थक इसे अमेरिकी उद्योगों की सुरक्षा बताते हैं, जबकि आलोचकों के अनुसार इससे महंगाई और व्यापारिक टकराव बढ़े। भारत और चीन समेत तमाम देशों पर ट्रंप ने टैरिफ लागू किया। पाक-अफगान संघर्ष: कभी अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जा करने पर सबसे ज्यादा खुश होने वाला पाकिस्तान आज रो रहा है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव जारी है। दोनों देशों ने तीन राउंड की बातचीत की, लेकिन कुछ हल नहीं निकला। थाईलैंड-कंबोडिया जंग: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच भी इस साल काफी तनाव देखने को मिला है। दोनों देशों के बीच भारी हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति की मध्यस्थता में सुलह कराई गई, लेकिन कुछ ही महीनों के बाद एक बार फिर सीजफायर समझौता टूट गया। भारत-रुस-चीन: एससीओ के मंच पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के पीएम नरेंद्र मोदी की मुलाकात की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही थी। खास तौर से अमेरिका की नजर इन महाशक्तियों के महामिलन पर थी। पुतिन का भारत यात्रा: सबसे खास बात इस साल के आखिरी महीने यानी दिसंबर में भारत-रूस शिखर सम्मेलन ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे थे। इस दौरान, भारतीय पीएम मोदी और पुतिन के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई। इस सम्मेलन पर यूरोप, अमेरिका और चीन समेत कई एशियाई देशों की नजर थीं, क्योंकि रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद पहली बार पुतिन भारत पहुंचे थे, जो सुर्खियों में रहा। सिराज/ईएमएस 15 दिसंबर 2025