अंतर्राष्ट्रीय
18-Dec-2025
...


वाशिंगटन(ईएमएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टेलीविजन पर राष्ट्र के नाम संबोधन में अपनी सरकार की उपलब्धियों का जोरदार बचाव किया। आर्थिक चुनौतियों और लोकप्रियता में गिरावट के बीच दिए गए इस संबोधन में उन्होंने वैश्विक शांति, राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को लेकर कई बड़े दावे किए। ट्रंप ने एक बार फिर वही पुराना राग अलापते हुए कहा कि उन्होंने दुनिया भर में आठ युद्धों को रुकवाने में अहम भूमिका निभाई है और अमेरिका की ताकत को फिर से स्थापित किया है। अपने भाषण में ट्रंप ने कहा कि उनके नेतृत्व में अमेरिका ने बीते दस महीनों में आठ बड़े संघर्षों का समाधान किया। उन्होंने दावा किया कि ईरान के परमाणु खतरे को समाप्त कर दिया गया है और गाजा में चल रहा युद्ध खत्म हुआ है। ट्रंप के अनुसार, इन कदमों से मध्य पूर्व में हजारों वर्षों बाद शांति का माहौल बना और जीवित व मृत दोनों तरह के बंधकों की रिहाई सुनिश्चित की गई। उन्होंने इसे अमेरिकी कूटनीति और सैन्य शक्ति की बड़ी सफलता बताया। राष्ट्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने सेना के जवानों के लिए एक विशेष घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि 14 लाख 50 हजार से अधिक सैन्यकर्मियों को क्रिसमस से पहले एक विशेष योद्धा लाभांश दिया जाएगा। अमेरिका की स्थापना के वर्ष 1776 के सम्मान में प्रत्येक सैनिक को 1,776 डॉलर दिए जाएंगे। ट्रंप ने इसे देश की रक्षा में लगे जवानों के प्रति सम्मान और आभार का प्रतीक बताया। अपने संबोधन में ट्रंप ने आव्रजन के मुद्दे पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अवैध अप्रवासी अमेरिकी नागरिकों की नौकरियां छीन रहे हैं और उनकी सरकार इस समस्या से सख्ती से निपट रही है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने विदेशी ड्रग कार्टेल के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है और खतरनाक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क को खत्म कर दिया गया है। लैटिन अमेरिका में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों को लेकर भी ट्रंप ने परोक्ष रूप से अपनी नीति का समर्थन किया। उन्होंने कैरिबियन और प्रशांत महासागर क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ की गई कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों का उद्देश्य अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस में उन नेताओं की आलोचना का भी जिक्र किया, जो उनकी सैन्य नीति पर अधिक नियंत्रण चाहते थे। आर्थिक मोर्चे पर ट्रंप ने भविष्य को लेकर आशावादी तस्वीर पेश की। उन्होंने कहा कि जल्द ही फेडरल रिजर्व के नए अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी और ऐसा व्यक्ति चुना जाएगा जो ब्याज दरों को कम रखने में विश्वास करता हो। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका एक ऐसे आर्थिक उछाल की ओर बढ़ रहा है, जैसा दुनिया ने पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने महंगाई को लेकर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। ट्रंप के अनुसार, किराने के सामान की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में थैंक्सगिविंग टर्की की कीमत 33 प्रतिशत कम हुई है और मार्च के बाद से अंडों की कीमतों में 82 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। राष्ट्रपति ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में आम अमेरिकियों को और राहत मिलेगी। वीरेंद्र/ईएमएस/18दिसंबर2025