राज्य
20-Dec-2025


पंचमहल (ईएमएस)| गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पंचमहल जिले के हालोल तालुका स्थित नवां ढींकवा गांव की यात्रा के दौरान प्रगतिशील किसान लक्ष्मण खुमानभाई राठवा के प्राकृतिक कृषि फार्म का दौरा कर गहन निरीक्षण किया। इस अवसर पर राज्यपाल स्वयं खेत में उतरकर हल चलाते हुए खेती कार्य में सहभागी बने। इससे पूर्व उन्होंने गाय का दूध दुहकर गऊ-सेवा का संदेश भी दिया। राज्यपाल की इस सरलता, श्रमशीलता और कार्य के प्रति समर्पण को देखकर वहां उपस्थित सभी लोग अत्यंत प्रभावित हुए। फार्म भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने प्राकृतिक पद्धति से उगाए गए विभिन्न फसलों का सूक्ष्म अवलोकन किया। विशेष रूप से हल्दी की फसल में प्राप्त भरपूर उत्पादन और उसकी उत्कृष्ट गुणवत्ता को देखकर उन्होंने प्रसन्नता और संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के बिना भी इस प्रकार का गुणवत्तापूर्ण उत्पादन यह सिद्ध करता है कि प्राकृतिक खेती न केवल पर्यावरण के लिए हितकारी है, बल्कि आर्थिक रूप से भी अधिक लाभदायक है। किसान लक्ष्मण राठवा के साथ संवाद के दौरान राज्यपाल ने उनके अनुभवों को जाना और गऊ-संवर्धन, भूमि की उर्वरता, स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर अजय दहिया, जिला विकास अधिकारी डी.एम. देसाई, जिला पुलिस अधीक्षक, विधायक जयद्रथसिंह परमार, हालोल की सहायक कलेक्टर ई. सुस्मिता सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, कृषि विशेषज्ञ, ग्राम सरपंच, अन्य गणमान्य व्यक्ति, किसान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सतीश/20 दिसंबर