* मध्य गुजरात के 7 जिलों में 6 जनवरी तक जनसंवाद, 2027 में परिवर्तन का शंखनाद खेडा (ईएमएस)| जनता के सवालों और आवाज़ को मुखर करने के उद्देश्य से कांग्रेस द्वारा शुरू की गई ‘जन आक्रोश यात्रा’ के दूसरे चरण की शुरुआत आज खेड़ा जिले के फागवेल से की गई, जो फागवेल से कंबोई तक जाएगी। फागवेल धाम के भाथीजी मंदिर में ध्वजारोहण के बाद एक महासम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। फागवेल में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने वर्ष 2027 में परिवर्तन का शंखनाद किया है। इसी क्रम में यह यात्रा मध्य गुजरात के 7 जिलों में 6 जनवरी तक भ्रमण करेगी। कांग्रेस नेता अमित चावड़ा ने कहा कि पूरे गुजरात में हर वर्ग और क्षेत्र के लोग भाजपा की “डबल इंजन” सरकार की नीतियों और शासन से त्रस्त हैं। ऐसे समय में एक जिम्मेदार विपक्ष के रूप में जनता की समस्याओं, पीड़ा और आक्रोश को आवाज़ देने के लिए जन आक्रोश यात्रा शुरू की गई है। पहले चरण में उत्तर गुजरात में बेचाराजी तक यात्रा का समापन हुआ, और आज दूसरे चरण में मध्य गुजरात के भाथीजी महाराज के फागवेल धाम से इसकी शुरुआत की जा रही है। उन्होंने कहा कि मध्य गुजरात में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसान आर्थिक रूप से तबाह हैं और पूर्ण कर्जमाफी की मांग उठ रही है। पीने के पानी की किल्लत है, जबकि शराब और ड्रग्स का फैलाव बढ़ रहा है, जिससे युवाधन बर्बाद हो रहा है। फागवेल और आसपास के क्षेत्रों में सिंचाई व्यवस्था का अभाव है और पेयजल की समस्या गंभीर है। मनरेगा जैसी गरीबों के लिए बनी रोजगार योजनाओं में भाजपा नेताओं और उनके सहयोगियों द्वारा करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार किया जा रहा है। ‘नल से जल’ योजना में भी बड़े घोटाले चल रहे हैं। अमित चावड़ा ने आगे कहा कि मध्य गुजरात के पशुपालकों को दूध का उचित मूल्य नहीं मिल रहा और उनका शोषण हो रहा है। श्रमिकों का शोषण बढ़ा है, महिलाओं पर अत्याचार और बलात्कार की घटनाएं बढ़ी हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है। कोई भी सरकारी कार्यालय ऐसा नहीं जहां बिना रिश्वत के काम हो रहा हो। उन्होंने बताया कि यह यात्रा खेड़ा, आणंद, वडोदरा, पंचमहल, महिसागर, छोटाउदेपुर और दाहोद जिलों में 20 तारीख से 6 जनवरी तक चलेगी। इस दौरान जनता से संवाद कर उनकी वास्तविक समस्याएं और विकास की पोल उजागर की जाएगी तथा मध्य गुजरात की आवाज़ को बुलंद किया जाएगा। कांग्रेस जनता के अधिकारों के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी और 2027 में जनता के आशीर्वाद से गुजरात में परिवर्तन होगा। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि भाथीजी महाराज ने लूट के खिलाफ अपना सिर तक दे दिया था, इसलिए आज भी हमारी जिम्मेदारी बनती है कि गुजरात और देश में कॉरपोरेट कंपनियों, उद्योगपतियों, ड्रग्स माफियाओं, मंत्रियों और बूटलेगरों द्वारा की जा रही लूट के खिलाफ लड़ें। तभी हम सच्चे अर्थों में भाथीजी महाराज के वंशज कहलाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात और देश में 25 लाख करोड़ रुपये उद्योगपतियों के कर्ज माफ किए गए। यह पैसा किसानों, श्रमिकों, पशुपालकों, गरीबों, आदिवासियों, ओबीसी और वंचित वर्गों की मेहनत की कमाई है। यह लूट नरेंद्र मोदी, भाजपा और आरएसएस की सरकारों के संरक्षण में हुई है। इस लूट के खिलाफ संघर्ष करना ही भाथीजी महाराज की सच्ची आस्था है। सतीश/20 दिसंबर