- पति काबिल नहीं तो जेठ से बच्चा पैदा करो - आगरा में सीए पत्नी का सनसनीखेज आरोप - ससुराल पर मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न और दुराचार के प्रयास का केस दर्ज आगरा (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत चार्टर्ड अकाउंटेंट महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के साथ अत्यंत आपत्तिजनक दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर शाहगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, शादी के समय पति के स्वास्थ्य से जुड़ी एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील जानकारी उससे छिपाई गई थी। विवाह के बाद जब उसे इस सच्चाई का पता चला, तो ससुराल में हालात लगातार बिगड़ते चले गए। संतान को लेकर सवाल उठने लगे और इसी को लेकर उसे मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी। महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि पति की स्वास्थ्य समस्याओं के चलते सास ने उस पर अमानवीय और आपत्तिजनक दबाव बनाया। आरोप है कि संतान की चाहत का हवाला देते हुए सास ने जेठ के साथ संबंध बनाकर बच्चा पैदा करने की बात कही, जिससे वह पूरी तरह टूट गई। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान जेठ ने उसके साथ दुराचार का प्रयास किया। जब उसने यह बात अपने पति को बताई, तो उसे समर्थन नहीं मिला। उल्टे ससुराल के अन्य सदस्यों ने दबाव बनाकर उसे चुप कराने की कोशिश की और उसके साथ मारपीट भी की गई। लगातार धमकियों और उत्पीड़न से महिला की हालत बिगड़ गई। उसने अपनी जान को खतरा बताया। हालात इतने खराब हो गए कि रिश्तेदारों को हस्तक्षेप कर उसे ससुराल से बाहर निकालना पड़ा और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। पीड़िता की तहरीर पर शाहगंज थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न और दुराचार के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी आरोपों की गहन पड़ताल की जा रही है।