राष्ट्रीय
22-Dec-2025


-गिरफ्तार बदमाशों के ऊपर हैं कई गंभीर मामले, 25-25 हजार का इनाम था घोषित गाजियाबाद,(ईएमएस)। पुलिस ने ऑपरेशन लंगड़ा के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुठभेड़ के बाद दो इनामी हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाशों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई दिल्ली–सहारनपुर हाईवे पर चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस के मुताबिक चेकिंग में संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी अफसर उर्फ भालू के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरा आरोपी शहजाद मौके से ही दबोच लिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों पर हत्या का गंभीर आरोप है। इस मामले में थाना अंकुर विहार में पहले से ही मुकदमा दर्ज है। मुठभेड़ में पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। सिराज/ईएमएस 22दिसंबर25