22-Dec-2025


जबलपुर, (ईएमएस)। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार शहर के जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता हेतु चलाया जा रहा अभियान अब धरातल पर सार्थक परिणाम देने लगा है। इसी कड़ी में शांति नगर स्थित सीता सरोवर तालाब अपनी पुरानी आभा वापस पा चुका है। निगम के सघन सफाई अभियान के बाद अब यह सरोवर पूर्ण रूप से स्वच्छ और निर्मल दिखाई दे रहा है। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बताया की सीता सरोबर तालाब अब निखर उठा है। उन्होंने निगम की टीम के द्वारा की गई मेहनत की सराहना की। विगत दिनों निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्वयं सीता सरोवर का औचक निरीक्षण किया था। तालाब में व्याप्त गंदगी और जलकुंभी को देख उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की थी और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से विशेष अभियान चलाकर सफाई कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए थे। आयुक्त के निर्देशों का पालन करते हुए निगम की स्वास्थ्य और स्वच्छता टीम ने मशीनों और सफाई मित्रों की सहायता से युद्ध स्तर पर कार्य किया। तालाब से टनों कचरा, प्लास्टिक और जलीय घास को बाहर निकाला गया। सफाई कार्य पूर्ण होने के बाद सीता सरोवर का दृश्य अब अत्यंत मनोहारी और चित्ताकर्षक हो गया है। जो तालाब कुछ दिन पहले तक अव्यवस्थित था, वह अब शांत और स्वच्छ जल के साथ क्षेत्र की सुंदरता में चार चांद लगा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सरोवर के साफ होने से न केवल पर्यावरण में सुधार हुआ है, बल्कि सुबह-शाम टहलने वालों के लिए भी यह एक सुखद अनुभव बन गया है। शहबाज / 22 दिसंबर 2025/8.15