25-Dec-2025
...


लाओस,(ईएमएस)। थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर थाई सेना ने भगवान विष्णु की मूर्ति तोड़ दी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक थाई सैनिकों ने बुलडोजर चलाकर भगवान की मूर्ति को गिरा दिया। यह घटना 22 दिसंबर की बताई जा रही है। कंबोडिया ने इसे लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि मूर्ति उसके इलाके में थी, जिसे थाईलैंड ने अवैध तरीके से गिराया है। मूर्ति की ऊंचाई 30 फीट बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कंबोडिया के प्रीह विहार प्रांत के सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि इस मूर्ति को 2014 में थाईलैंड की सीमा से करीब 100 मीटर दूर बनाया गया था। भारत ने मूर्ति तोड़े जाने पर चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि धार्मिक प्रतीकों का अपमान श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करता है और ऐसे काम नहीं होने चाहिए। बता दें थाईलैंड और कंबोडिया के बीच पिछले 6 महीने से प्रीह विहार मंदिर इलाके को लेकर विवाद चल रहा है। जून में दोनों देशों के बीच जंग भी हुई थी। हालांकि ट्रम्प की मध्यस्थता के बाद सीजफायर हो गया था, लेकिन दिसंबर में एक बार फिर विवाद भड़क गया। अब तक संघर्ष में 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लाख से ज्यादा लोग पलायन कर गए हैं। सिराज/ईएमएस 25दिसंबर25