खेल
30-Dec-2025


-हॉकी से लेकर तीरंदाजी तक खिलाड़ियों ने कमाया नाम नई दिल्ली,(ईएमएस)। साल 2025 में भारतीय खेलों को कई उपलब्घियां मिलीं। इस साल क्रिकेट, हॉकी से लेकर तीरंदाजी जैसे खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने कई बड़ी जीत दर्ज कीं । चैंपियंस ट्रॉफी जीत साल 2025 में भारतीय क्रिकेट के लिए काफी खास रहा। मार्च 2025 में भारतीय क्रिकेट टीम चैंपियंस ट्रॉफी खिताब अपने नाम किया। दुबई में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर ये खिताब अपने नाम किया। ये आईसीसी ट्रॉफी रोहित शर्मा की कप्तानी में मिली भारत के लिए बड़ी सफलता थी। इससे पहले साल 2024 में भारत ने साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। एशिया कप : भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में दुबई में खेले गये एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराकर एक बार फिर एशिया कप जीता। महिला क्रिकेट विश्वकप साल 2025 भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए भी विशेष रहा। इस साल हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने पहली आईसीसी ट्रॉफी जीती। फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर महिला विश्वकप 2025 का खिताब जीता। हॉकी एशिया कप जीत साल 2025 में भारतीय हॉकी टीम ने हॉकी एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। करीब आठ साल बाद मिली इस जीत ने टीम के ट्रॉफी के इंतजार को खत्म कर दिया। फाइनल मैच में भारत ने साउथ कोरिया को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 2026 हॉकी विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया, जिससे यह पल 2025 में भारतीय हॉकी के लिए बेहद यादगार बन गया। भाला फेंक : नीरज ने 90 मीटर आंकड़ा पार किया भारतीय जैवलिन थ्रो खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के लिए 2025 बहुत खास रहा। लंबे समय से वह 90 मीटर का आंकड़ा पार करने की कोशिश कर रहे थे, जो उन्होंने आखिरकार दोहा डायमंड लीग में पूरा कर लिया। इस शानदार थ्रो के साथ नीरज ने इतिहास रचा और एक बार फिर साबित किया कि वह दुनिया के बेहतरीन जैवलिन थ्रो खिलाड़ियों में शामिल हैं। यह पल उनके करियर का बेहद यादगार और महत्वपूर्ण बन गया। 2025 एशियन यूथ गेम्स में रिकॉर्ड प्रदर्शन भारत ने 2025 एशियाई यूथ खेलों में अपनी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर 48 पदक जीते। इनमें 13 स्वर्ण , 18 रजत और 17 कांस्य शामिल हैं। यह सबसे बड़ी एशियाई युवा खेल उपलब्धि थी और इससे भविष्य के युवा खेल सितारों को 2026 युथ ओलंपिक्स के लिए क्वालिफाइंग स्लॉट भी मिले। भारतीय युवा एथलीट्स ने कुश्ती, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, कबड्डी, वेटलिफ्टिंग सहित विभिन्न खेलों में दमदार प्रदर्शन दिखाया। इतिहास रचा: विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में जीता स्वर्ण 2025 में विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष कंपाउंड टीम ने स्वर्ण जीता। यह भारत का विश्व चैंपियनशिप में पहला कंपाउंड तीरंदाजी स्वर्ण था। टीम में ऋषभ यादव, प्रभात सलुनखे और पृथमेश फुगे जैसे युवा खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे इस खेल में भारत की बढ़ती क्षमता स्पष्ट हुई। एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दूसरा स्थान मिला भारत ने एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में दूसरा स्थान हासिल किया और कुल 24 पदक जीते, जिसमें कई स्वर्ण , रजत और कांस्य में राष्ट्रीय रिकॉर्ड शामिल थे। गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर और 10,000 मीटर दोनों में गोल्ड जीता, जबकि अविनाश साबले और ज्योति याराजी सहित कई युवा एथलीटों ने शीर्ष स्तर पर भारत का नाम रौशन किया। निशानेबाजी विश्वकप कप 20 साल के सम्राट राणा ने अपने करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल इवेंट में विश्व चैम्पियनशिप में निशानेबाजी का स्वर्ण जीता। । विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में दिखा भारत का दम ग्रेटर नोएडा में आयोजित 2025 के विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप फाइनल्स में जैस्मिन लैंबोरिया ने महिला 57 किग्रा कैटेगरी में स्वर्ण जीता। इसके अलावा नुपुर सेरोन ने 80 किग्रा में रजत हासिल किया। विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स 2025 में भारत ने कुल 20 पदक (9 स्वर्ण, 6 रजत, 5 कांस्य) जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। खो-खो विश्व कप 2025- विश्व खिताब जीत भारतीय महिला खो-खो टीम ने 2025 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता। ढाका में हुए फाइनल में चीनी ताइपे को मात देकर यह उपलब्धि भारतीय पारंपरिक खेल की वैश्विक वृद्धि को दर्शाती है। शतरंज भारत के युवा विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने 2025 में मैग्नस कार्लसन सहित शीर्ष प्रतिभाओं को पराजित किया और प्रतिष्ठित खेल रत्न सहित कई बड़े सम्मान हासिल किए। वहीं दिव्या देशमुख ने फिडे महिला वर्ल्ड कप जीत लिया। सिर्फ 19 साल की उम्र में उन्होंने फाइनल मुकाबले में अनुभवी ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी को हराकर बड़ी जीत हासिल की। पेरा तीरंदाजी वहीं, पैरा-तीरंदाज शीतल देवी ने वर्ल्ड टाइटल जीतकर देश का मान बढ़ाया। इतना ही नहीं, शीतल ने इतिहास रचते हुए जेद्दा में होने वाले एशिया कप (चरण तीन) के लिए भारत की सक्षम जूनियर टीम में जगह बना ली। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि शीतल अब उन कुछ खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं जो पैरालंपिक के साथ-साथ सक्षम (सामान्य) प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले रही हैं। भारतीय दृष्टिबाधित महिला टीम ने जीता टी20 विश्व कप का खिताब 2025 में भारतीय महिला दृष्टिबाधित टीम ने टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया। भारतीय टीम ने कोलंबो के पी सारा ओवल में खेले गए फाइनल मुकाबले में नेपाल को सात विकेट से हराया। इस टूर्नामेंट का आयोजन पहली बार हो रहा था और भारत इस वैश्विक टूर्नामेंट को जीतने में सफल रहा। भारत ने नेपाल को पांच विकेट पर 114 रन पर रोक दिया था। जवाब में टीम ने 12 ओवर में तीन विकेट पर 117 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ईएमएस 30 दिसंबर 2025

खबरें और भी हैं