अंतर्राष्ट्रीय
30-Dec-2025
...


कीव,(ईएमएस)। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध ने एक ऐसा मोड़ ले लिया है जिससे पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया है। 28 और 29 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नोवगोरोद स्थित आवास पर 91 ड्रोनों से भीषण हमला किया गया। सूत्रों के अनुसार, इस हमले का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रपति पुतिन को नींद में ही खत्म करना था, लेकिन रूसी एयर डिफेंस सिस्टम की मुस्तैदी के कारण यह बड़ी साजिश नाकाम हो गई। हमले की सुई सीधे तौर पर यूक्रेन की ओर घूम रही है और इस घटना ने पुतिन को प्रतिशोध की आग में झोंक दिया है। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इस हमले की पुष्टि करते हुए यूक्रेन को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि उत्तरी रूस में स्थित राष्ट्रपति आवास को निशाना बनाने के लिए लंबी दूरी के विस्फोटक ड्रोनों का इस्तेमाल किया गया था। जिस समय ये ड्रोन दागे गए, पुतिन मॉस्को स्थित अपने घर में सो रहे थे। रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने समय रहते सभी ड्रोनों को मार गिराया, जिससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, लावरोव ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि रूस सही समय पर इस दुस्साहस का करारा जवाब देने का पूरा अधिकार सुरक्षित रखता है। क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव के मुताबिक, इस घटना के बाद व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है। पुतिन ने ट्रंप को इस हमले की जानकारी दी, जिसे सुनकर ट्रंप ने भी हैरानी और चिंता व्यक्त की। ट्रंप ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि किसी के घर पर इस तरह हमला करना पूरी तरह गलत है। उन्होंने वर्तमान स्थिति को अत्यंत नाजुक बताते हुए टॉमहॉक मिसाइलों की आपूर्ति पर भी फिलहाल रोक लगा दी है, ताकि तनाव और न भड़के। ट्रंप के अनुसार, पुतिन इस घटना के बाद बेहद गुस्से में हैं। युद्ध विशेषज्ञों का मानना है कि यूक्रेन ने सीधे शतरंज के राजा को मात देने के लिए यह आत्मघाती कदम उठाया है। इस हमले के बाद अब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की पर भी खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। रूसी सेना को जवाबी कार्रवाई के आदेश दे दिए गए हैं, जिससे कीव पर मिसाइल हमलों का खतरा बढ़ गया है। माना जा रहा है कि रूस अब जेलेंस्की के गुप्त ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकता है। दूसरी ओर, यूक्रेन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। यूक्रेन सरकार का कहना है कि रूस खुद ही ऐसे आरोप लगाकर कीव पर बड़े हमले की जमीन तैयार कर रहा है। तीन साल से जारी इस युद्ध में शांति की जो धुंधली उम्मीदें डोनाल्ड ट्रंप की पहल से दिख रही थीं, इस ड्रोन हमले ने उन्हें लगभग खत्म कर दिया है। अब पूरी दुनिया की नजरें रूस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं, क्योंकि पुतिन का आक्रोश यूक्रेन के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। वीरेंद्र/ईएमएस/30दिसंबर2025