-पूर्वी भारत सर्दी की चपेट में, बिहार, झारखंड में घने कोहरे की चेतावनी नई दिल्ली,(ईएमएस)। नए साल 2026 का आगाज भी कड़ाके की ठंड के साथ ही हुआ। देश के बड़े हिस्सों में शीतलहर, घना कोहरा और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग की रिपोर्टों के मुताबिक यह स्थिति आने वाले कुछ दिनों तक ऐसी ही बनी रहेगी। नए साल के पहले दिन मुंबई के कुछ इलाकों में जहां हल्की बारिश देखने को मिली, वहीं दिल्ली ने बीते छह सालों का सबसे ठंडा दिसंबर रहा। 31 दिसंबर को राजधानी में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा, जिससे साल 2025 का अंत असामान्य रूप से ठंडा रहा। दिल्ली में बुधवार को दिन और रात- दोनों समय तापमान औसत से काफी नीचे बना रहा। मौसम अधिकारियों के मुताबिक जब दिन और रात दोनों तापमान सामान्य से काफी कम रहते हैं, तो उसे कोल्ड डे कहा जाता है। आईएमडी ने संकेत दिया है कि जनवरी के शुरुआती दिनों में भी ऐसे हालात बने रह सकते हैं। शाम के समय उथला कोहरा छाए रहने से दृश्यता घटी, जिससे सड़क और हवाई यातायात प्रभावित हुई। पूर्वी भारत भी भीषण सर्दी की चपेट में रहा। बिहार, झारखंड के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है, जहां दृश्यता खतरनाक रूप से कम हो गई। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने इसका कारण निचले वायुमंडल में उत्तर-पश्चिमी हवाओं की मजबूती बताया है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में असम की राजधानी गुवाहाटी में दिन के तापमान में गिरावट के चलते प्रशासन ने एक सप्ताह के लिए स्कूल बंद करने का आदेश दिया। बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने जनजीवन को कठिन बना दिया, जिससे लोग अलाव और भारी ऊनी कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। मुंबई के वॉकशेश्वर और लोअर परेल जैसे इलाकों में नए साल की सुबह हल्की बारिश हुई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस बारिश से प्रदूषण स्तर में कुछ कमी दर्ज की गई। राजस्थान में रात के तापमान में तेज गिरावट जारी रही। करौली राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान मौसम के सबसे निचले स्तरों के करीब पहुंच गया। पूर्वी और उत्तरी राजस्थान के कई कस्बों में न्यूनतम तापमान एक अंक में रहा, जबकि जयपुर और जोधपुर में भी सामान्य से कहीं ठंडी रातें दर्ज की गईं। मौसम विभाग ने 1 से 3 जनवरी के बीच राजस्थान के बड़े हिस्सों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी दी है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। पंजाब में भी सर्दी का असर बढ़ता गया। अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि गुरदासपुर और फरीदकोट जैसे इलाकों में इससे भी कम तापमान दर्ज हुआ। संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में भी ठंड का असर दिखा। हरियाणा के रोहतक और नारनौल में न्यूनतम तापमान क्षेत्र के सबसे निचले स्तरों में रहा। पश्चिम बंगाल में ठंड पड़ रही है, खासकर उप-हिमालयी जिलों में तापमान और गिर गया। दार्जिलिंग जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा छाया रह सकता है। नए साल 2026 की शुरुआत के साथ जनवरी महीना पूरे भारत में सर्दी का रंग दिखाएगा। आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान और सर्दी के सीजनल आउटलुक के मुताबिक उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और कोल्ड वेव की स्थिति बनी रहेगी। मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से ज्यादा कोल्ड वेव दिनों की संभावना है, जबकि पहाड़ों पर बर्फबारी जारी रहेगी। दक्षिण भारत में मौसम अपेक्षाकृत सुहावना और सूखा रहेगा। जनवरी का ज्यादातर हिस्सा कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के साथ बीतेगा। शुरुआती दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की से मध्यम बारिश और कोहरा ज्यादा रहेगा, जिससे ठंड और बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान 7-12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 16-22डिग्री सेल्सियस के आसपास। कोल्ड डे और कोल्ड वेव की स्थिति कई दिनों तक बनी रह सकती है। घना कोहरा सुबह-शाम दृश्यता कम करेगा, यातायात प्रभावित होगा। हल्की से भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना, खासकर महीने के पहले हफ्ते में। तापमान शून्य से नीचे रहेगा, जिससे काड़के की सर्दी पड़ेगी। पर्यटन स्थलों पर बर्फ का मजा, लेकिन सड़कें फिसलन भरी रहेंगी। घना कोहरा और ठंड जारी। कुछ जगहों पर हल्की बारिश संभव है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे, कोल्ड वेव का असर रहेगा। शुरुआत में असामान्य हल्की बारिश संभव, लेकिन महीना सूखा और हल्का रहेगा। सिराज/ईएमएस 01जनवरी26