राष्ट्रीय
01-Jan-2026
...


मुंबई,(ईएमएस) साल 2026 के पहले दिन भाजपा प्रवक्ता सीआर केशवन ने महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक नाना पटोले की लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और भगवान राम की तुलना करने वाली टिप्पणी को हिंदू भावनाओं का घोर अपमान बताया। महाराष्ट्र कांग्रेस नेता पाटोले ने कहा कि राहुल गांधी न्याय के लिए लड़ रहे हैं, ठीक वैसे ही जैसे प्रभु राम ने पीड़ितों के लिए काम किया। एक पोस्ट में भाजपा नेता ने कांग्रेस नेता पटोले से पूछा कि राहुल गांधी ने अभी तक अयोध्या राम मंदिर का दर्शन क्यों नहीं पहुंचे है। बीजेपी नेता केशवन ने लिखा कि पाटोले द्वारा भगवान राम की तुलना राहुल गांधी से करना करोड़ों हिंदू श्रद्धालुओं की आस्था और भावनाओं का घोर अपमान है। इसके पहले भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दिव्य राम मंदिर जाकर देश के कल्याण के लिए प्रार्थना करने के बाद, कांग्रेस नेता पाटोले ने अयोध्या राम मंदिर के शुद्धिकरण की मांग करके शर्मनाक हरकत की थी। कांग्रेस नेता पटोले की ये शर्मनाक टिप्पणियां और कुटिल मानसिकता अक्षम्य और घोर निंदनीय हैं। क्या पटोले राहुल गांधी से ये पूछने की हिम्मत कर सकते हैं कि उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा समारोह, नाच गान कार्यक्रम का मजाक क्यों उड़ाया या राहुल गांधी अभी तक अयोध्या राम मंदिर क्यों नहीं गए? दरअसल राहुल गांधी के राम मंदिर न जाने के सवाल पर पटोले ने कहा कि कांग्रेस भगवान राम का काम कर रही है। पटोले ने कहा कि हमारे नेता राहुल गांधी भगवान श्री राम का काम कर रहे हैं। आप जानते हैं कि भगवान श्री राम ने शोषितों, पीड़ितों और वंचितों के लिए काम किया। वैसे ही राहुल गांधी पूरे देश में वहीं काम कर रहे हैं, देश की जनता को न्याय दिलाने की उनकी लड़ाई शुरू हो चुकी है। जब रामलल्ला मंदिर में ताला लगा था, तब हमारे दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने द्वार खोलने का आदेश दिया था। इसके पहले भी राहुल गांधी की तुलना हिंदू देवता से करने पर महाराष्ट्र कांग्रेस नेता पटोले की आलोचना हो चुकी है। अक्टूबर 2022 में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पटोले ने कहा था कि यह एक संयोग है कि दोनों के नाम आर से शुरू होते हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से नहीं करती है। आशीष दुबे / 01 जनवरी 2026