व्यापार
02-Jan-2026
...


- दिल्ली में सोना 1.35 लाख के पार, चांदी का भाव 2,37,900 प्रति किलोग्राम मुंबई (ईएमएस)। नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही सोने और चांदी की कीमतों में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। वर्ष 2025 में जहां सोने ने शानदार तेजी दिखाई, वहीं चांदी ने भी रिकॉर्ड तोड़ते हुए ऑल टाइम हाई का स्तर छू लिया था। हालांकि 2 जनवरी 2026 को चांदी की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि सोने के भाव में मामूली उछाल देखने को मिला है। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को 24 कैरेट सोने का भाव 1,35,220 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है। वहीं 22 कैरेट सोना 1,23,960 और 18 कैरेट सोना 1,01,450 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है। लखनऊ, जयपुर, मेरठ और लुधियाना जैसे कई बड़े शहरों में भी सोने के भाव लगभग समान बने हुए हैं। मुंबई, पुणे और कोलकाता में सोने की कीमतें थोड़ी कम देखने को मिली हैं। देश के प्रमुख शहरों में चांदी का भाव 2,37,900 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया है। दिल्ली, मुंबई, पटना, अहमदाबाद, पुणे, कोलकाता समेत सभी बड़े शहरों में चांदी एक समान दर पर बिक रही है। साल की शुरुआत में चांदी की कीमतों में यह गिरावट निवेशकों के लिए अहम संकेत मानी जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की आक्रामक खरीदारी, अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में संभावित कटौती की उम्मीद, अमेरिकी टैरिफ को लेकर चिंताएं और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव ने सोने-चांदी की कीमतों को मजबूती दी है। इसके अलावा गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में बढ़ता निवेश भी कीमतों को सहारा दे रहा है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में घरेलू सोने की कीमतों में करीब 76 प्रतिशत और अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 70 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं चांदी की घरेलू और वैश्विक कीमतों में लगभग 140 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जिसने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया। सतीश मोरे/02जनवरी ---