राज्य
02-Jan-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। नए साल की शुरुआत के साथ ही दिल्ली समेत पूरे भारत में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिल्ली में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि उत्तर भारत में बर्फबारी की संभावना है। मैदानी इलाकों में हल्की बारिश से तापमान गिरेगा। दक्षिण भारत में गरज-चमक और भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। दिल्ली की नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ हुई। मौसम विभाग की ओर से दिल्ली में 2 जनवरी के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 3 जनवरी के लिए भी घने कोहरा का येलो अलर्ट है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दो दिन दिल्ली के तापमान में खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। इस दौरान शीतलहर चलने की भी आशंका है। मौसम विभाग की ओर से साल के पहले बारिश का अनुमान लगाया गया था। हालांकि, बारिश नहीं हुई, लेकिन सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया रहा। नए साल की शुरुआत के साथ ही देश के बड़े हिस्से में मौसम ने तीखा रुख अपना लिया है। मौसम विभाग के मुताबिक 2 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है, जिससे पर्वतीय इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है। मैदानी राज्यों की बात करें तो 1 जनवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/02/ जनवरी /2026