राष्ट्रीय
04-Jan-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को असम स्क्रीनिंग कमेटी की जिम्मेदारी सौंपने के बाद राहुल गांधी को लेकर उठ रहे सवालों पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो बात फैला रही है, वहां सरासर गलत है। एनडीए के नेताओं ने सवाल खड़े किए हैं कि राहुल गांधी के नेतृत्व पर अब कांग्रेस को भरोसा नहीं रहा है, इसलिए प्रियंका गांधी वाड्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पर अनवर ने कहा, प्रियंका गांधी पिछले पांच सालों से महासचिव के तौर पर काम कर रही हैं। उन्हें समय-समय पर संगठन की जिम्मेदारियां दी गई हैं। उन्होंने पूरे देश में पार्टी के लिए काम किया है। इसलिए, बीजेपी जो बात फैला रही है, वह गलत है। सांसद अनवर ने कहा, पहले वह (प्रियंका गांधी) उत्तर प्रदेश की जनरल सेक्रेटरी इंचार्ज थीं। जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव हुए थे, तब वह राज्य की प्रभारी थीं। यह दूसरी बार है जब उन्हें चुनाव से जुड़े किसी राज्य का प्रभार मिला है। वे असम में अपने राजनीतिक अनुभव और काबिलियत का इस्तेमाल करेंगी। असम में कांग्रेस की वापसी की पूरी संभावना है। इसी बीच, तारिक अनवर ने वेनेजुएला पर अमेरिकी कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा, अमेरिका ने फिर साबित कर दिया है कि वह जो चाहे कर सकता है। मनमानी के मामले में कोई उनका मुकाबला नहीं कर सकता। पहले भी उन्होंने कई देशों पर इसतरह के हमले किए हैं। वे वही करते हैं जो उन्हें करना होता है, क्योंकि उनके पास ताकत और शक्ति है। वे समय-समय पर इस शक्ति का प्रदर्शन करते हैं। आशीष दुबे / 04 जनवरी 2026